CG : ’जिले में धान खरीदी उत्सव शुरू, पहले दिन 13 किसानों ने बेचा 672.80 क्विंटल धान’ …

CG : ’जिले में धान खरीदी उत्सव शुरू, पहले दिन 13 किसानों ने बेचा 672.80 क्विंटल धान’ …

अम्बिकापुर । छत्तीसगढ़ शासन के महत्वपूर्ण धान खरीदी उत्सव का शुभारंभ 15 नवंबर से जिले में हो गया है। खरीदी के पहले दिन जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में कुल 13 किसानों ने 672.80 क्विंटल धान का टोकन कटाया। किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेन्ड्राकला धान उपार्जन केंद्र में 6 किसानों ने 288.80 क्विंटल, खड़गांव में 3 किसानों ने 188.80 क्विंटल, राजापुर में 2 किसानों ने 106 क्विंटल, सलका में 1 किसान ने 15.20 क्विंटल तथा उदयपुर में 1 किसान ने 74 क्विंटल धान का टोकन कटाया है, इन किसानों से खरीदी की जा रही है।

’किसानों को घर बैठे मिलेगा टोकन-’

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन जारी करने की व्यवस्था की है। इसके जरिए पंजीकृत किसान घर बैठे धान बिक्री के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जिससे किसानों को उपार्जन केंद्रों में लंबी कतारों में लगने से राहत मिलेगी।

किसान गूगल प्ले स्टोर से तुंहर टोकन मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपनी सुविधा के अनुसार धान बेचने की तारीख का चयन कर टोकन बुक कर सकते हैं।

’छोटे किसानों को मिलेगी प्राथमिकता-’

टोकन आवंटन के लिए उपार्जन केंद्रों की दैनिक खरीदी क्षमता का 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन मोबाइल ऐप के माध्यम से तथा शेष 30 प्रतिशत टोकन सहकारी समितियों के माध्यम से ऑफलाइन जारी किए जा रहे हैं। लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में 80 प्रतिशत टोकन छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए तथा 20 प्रतिशत टोकन बड़े किसानों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। नियमों के अनुसार 2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 1 टोकन, 2 से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 2 टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन जारी किए जाने का प्रावधान है। निर्धारित खरीदी सीमा के तहत पात्र किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।

See also  जांजगीर-चांपा पुलिस में बड़ी कार्रवाई: पैसे लेकर शराब बिक्री के आरोपियों को छोड़ने के मामले में 06 पुलिसकर्मी निलंबित

’किसानों से मोबाइल नंबर और आधार अपडेट रखने की अपील-’

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने जिले के सभी पंजीकृत किसानों से अपने मोबाइल नंबर और आधार विवरण अद्यतन रखने की अपील की है। किसानों से निर्धारित समय-सीमा से पूर्व तुंहर टोकन मोबाइल ऐप का उपयोग कर अपना टोकन सुरक्षित करने का आग्रह किया गया है।

किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या सहायता के लिए किसान विभागीय टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *