0 वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को किया सतर्क
छुरिया। गैंदाटोला उप वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम फाफामार में शावक के साथ बाघिन देखे जाने की खबर से आसपास के गांवों में
दहशत का माहौल है। खेत में धान कटाई कर रही महिलाओं सहित अन्य ग्रामीणों ने बाघिन और उसके शावक को देखने का दावा किया है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने सतर्कता बढ़ाते हुए फाफामार सहित आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को ग्राम फाफामार के खेतों में कुछ महिलाएं धान कटाई कर रही थीं। इसी दौरान पंच रेखाबाई, मीनाबाई कंवर सहित अन्य महिलाओं ने खेत की मेड़ से कुछ दूरी पर एक शावक और उसके पीछे बाघिन को चलते हुए देखा। महिलाओं के अनुसार बाघिन और उसका शावक वहां से ग्राम मेटेपार की ओर चले गए। ग्रामीणों के मुताबिक फाफामार, जयसिंग टोला और डुमरीघाट के आसपास भी कुछ लोगों ने बाघिन और शावक को देखने का दावा किया है। लगातार मिल रही ऐसी सूचनाओं से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
0 वन विभाग की टीम गांव पहुंची
ग्राम फाफामार में बाघिन और शावक देखे जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग के तीन कर्मचारी मोटरसाइकिल से गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली और उन्हें सतर्क रहने की समझाइश दी। वन विभाग द्वारा आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है।
0 पखवाड़ेभर पहले भी एक शिक्षक ने किया गया था बाघ दिखने का दावा
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार फाफामार निवासी एक शिक्षक ने करीब पखवाड़ेभर पहले भी गांव के आसपास बाघ देखे जाने की जानकारी ग्रामीणों को दी थी। हालांकि उस समय उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया था।
0 अकेले खेत जाने से बचने की सलाह
बाघिन और उसके शावक की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग ने फाफामार सहित डुमरीघाट, मेटेपार, अलीवारा और लुलीकसा आदि गांवों में मुनादी कराई है। ग्रामीणों को अकेले खेतों में नहीं जाने, विशेषकर सुबह और शाम के समय सतर्क रहने तथा वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।
0 सूचना मिली है, ग्रामीणों को सतर्क रहने कहा गया है – रेंजर
इस संबंध में बाघनदी वन परिक्षेत्र के रेंजर विपुल बोरकर ने बताया कि ग्राम फाफामार में शावक के साथ बाघिन देखे जाने की जानकारी मिली है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

















Leave a Reply