मोहला : छूटे हुए खसरों के पंजीयन के लिए किसानों को एक और अवसर, समिति स्तर पर होगी प्रक्रिया

cropped-cropped-cropped-11-final-kg-logo-Copy-1.png

– धान खरीदी में किसानों को मिलेगी सुविधा, अब तक 776 किसानों को जारी हुआ टोकन, 28,220 क्विंटल धान का हो चुका है विक्रय

– धान खरीदी केंद्रों में किसानों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, अवैध धान परिवहन रोकने जिले में बनाए गए 13 चेक पोस्ट

मोहला । जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा और धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। इसी कड़ी में किसान पंजीयन में छूटे हुए खसरों को दोबारा जोड़ने के लिए शासन ने किसानों को एक और अवसर प्रदान किया है। ऐसे किसान अपने आधार कार्ड एवं ऋण पुस्तिका के साथ संबंधित सहकारी समिति में संपर्क कर छूटे हुए खसरों का पंजीयन करा सकते हैं। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 45,198 कृषक पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 776 किसानों ने टोकन जारी करवाकर कुल 28,220 क्विंटल धान का विक्रय किया है।
       धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भारत सरकार के निर्देशानुसार समितियों में ग्रेडिंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। किसानों को आसानी से टोकन उपलब्ध कराने, निर्धारित मात्रा के अनुसार धान की तौल करने, बैठने के लिए उचित व्यवस्था, पेयजल तथा प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

– अवैध धान परिवहन रोकने बनाए गए 13 चेक पोस्ट

धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और कोचियों एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने  कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में बिचौलियों से धान की खरीदी नहीं की जाए। वहीं, अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में कुल 13 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इनमें विकासखंड मोहला में 3, मानपुर में 6 तथा अंबागढ़ चौकी में 4 चेक पोस्ट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिले के सीमावर्ती 6 धान खरीदी केंद्रों को संवेदनशील घोषित करते हुए वहां वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसानों को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज बेचने का अवसर मिल सके।

See also  राजनांदगांव : अनुपयोगी शासकीय वाहन की नीलामी हेतु निविदा आमंत्रित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *