राजनांदगांव : धान की कमाई से किसान राजू साहू के सपनों को मिली नई उड़ान – राजू साहू ने खरीदा ट्रैक्टर और बनवाया नया घर

राजनांदगांव : धान की कमाई से किसान राजू साहू के सपनों को मिली नई उड़ान - राजू साहू ने खरीदा ट्रैक्टर और बनवाया नया घर

– कृषक उन्नति योजना से खेती बनी खुशहाली और आर्थिक समृद्धि का आधार
– मोबाइल से घर बैठे मिला टोकन, धान बेचने की प्रक्रिया हुई आसान
राजनांदगांव । खेतों में कड़ी मेहनत कर अन्न उपजाने वाले किसानों के जीवन में शासन की किसान हितैषी योजनाएं खुशहाली और समृद्धि के नए रंग भर रही हैं। खेती से प्राप्त आमदनी अब केवल परिवार के भरण-पोषण तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि किसानों के बड़े सपनों को भी साकार कर रही है। इसकी प्रेरणादायक मिसाल हैं, राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम तुमड़ीबोड़ निवासी किसान राजू साहू। जिन्होंने धान की खेती से प्राप्त आमदनी से ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरण खरीदने के साथ ही अपने परिवार के लिए नया घर भी बनवाया है। उनकी यह सफलता खेती से आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि की ओर बढ़ते कदमों की सुखद कहानी बयां करती है।


किसान राजू साहू ने बताया कि वे आज धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़ में 50 क्विंटल धान विक्रय करने पहुंचे है। उनके पास स्वयं की साढ़े 7 एकड़ कृषि भूमि है। इसके अलावा वे रेगहा एवं अधिया में भी जमीन लेकर खेती करते हैं, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी प्राप्त होती है। खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। उन्होंने बताया कि मोबाइल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा बहुत उपयोगी है। अब टोकन के लिए समिति के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होती है। उन्होंने उपार्जन केन्द्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि यहां किसानों के लिए पेयजल, छांव सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। पर्याप्त हमालों की व्यवस्था होने से धान की तौलाई एवं बोरियों की छल्ली लगाने का कार्य समय पर हो रहा है। समिति के कर्मचारी भी पूरा सहयोग कर रहे हैं। धान विक्रय के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। शासन द्वारा समर्थन मूल्य से धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत मिलने वाली आदान सहायता से उनकी आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि पिछले वर्ष धान विक्रय से प्राप्त राशि से उन्होंने ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि उपकरण खरीदे। इसके साथ ही अपने परिवार के लिए नया घर भी बनवाया। खेती से होने वाली आमदनी ने उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही वर्षों से संजोए सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

See also  मोहला : UPSC की तैयारी के लिए छत्तीसगढ़ के युवाओं को मिलेगा दिल्ली में कोचिंग का अवसर, 290 सीटों पर आवेदन आमंत्रित


किसान राजू साहू ने बताया कि वे खरीफ मौसम में धान की खेती के साथ ही रबी मौसम में कम पानी की आवश्यकता वाली दलहन फसलों की खेती भी करते हैं। इससे सिंचाई के लिए पानी की खपत कम होती है और अच्छी पैदावार प्राप्त होती है। फसल विविधीकरण अपनाने से खेती की लागत कम करने और अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने में मदद मिल रही है। उन्होंने शासन द्वारा प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) अंतर्गत दलहन एवं तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासन की इस पहल से दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिल रही है।


किसान राजू साहू ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रति एकड़ 13 हजार 839 रूपए की आदान सहायता मिलने से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिल रहा है। इससे खेती में निवेश करने और आधुनिक कृषि उपकरण खरीदने में मदद मिल रही है। ट्रैक्टर खरीदने से अब कृषि कार्य समय पर पूरे हो रहे हैं और खेती-किसानी में सुविधा बढ़ी है। किसान राजू साहू के चेहरे पर अपनी मेहनत की कमाई से ट्रैक्टर खरीदने और नया घर बनवाने की खुशी साफ झलकती है। उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना किसानों के जीवन में खुशहाली लाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। धान का बेहतर मूल्य, आदान सहायता और दलहन-तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी जैसी व्यवस्थाओं से किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है। उन्होंने किसान हितैषी योजनाओं एवं धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

See also  मोहला : घर बैठे मिल रहा धान विक्रय का टोकन, आसान हुई खरीदी की प्रक्रिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *