– चार दिवसीय शिविर में वायुसेना के अधिकारियों ने बताई चयन प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यता और करियर की संभावनाएं
मोहला। जिले के युवाओं को भारतीय वायुसेना में अग्निवीर के रूप में देश सेवा का अवसर प्रदान करने और भर्ती प्रक्रिया से अवगत कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के नेतृत्व में 18 से 21 नवंबर 2026 तक चार दिवसीय वृहत मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र राजनांदगांव के उपसंचालक के अनुसार, शिविर में भारतीय वायुसेना के अधिकारी सार्जेंट महावीर मील एवं सार्जेंट योगेश बेलवाल ने जिले के कुल 392 युवाओं को भर्ती प्रक्रिया, चयन के मापदंड, शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक एवं मानसिक दक्षताओं तथा वायुसेना में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने युवाओं को भारतीय वायुसेना से जुड़कर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
18 नवंबर को लाल श्याम शाह शासकीय महाविद्यालय मोहला में प्राचार्य श्री जी.के. जोशी तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मोहला के ट्रेनिंग ऑफिसर श्री ओमप्रकाश साहू, श्री भास्कर देशमुख एवं श्री केशवराम की उपस्थिति में शिविर आयोजित किया गया। इसमें 86 युवाओं ने भाग लिया। 19 नवंबर को शासकीय लाल श्याम शाह महाविद्यालय मानपुर में प्राचार्य श्री मनोज कुमार ठाकुर की उपस्थिति में 112 आवेदकों को मार्गदर्शन दिया गया। इसी दिन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मानपुर में प्राचार्य श्री महेंद्र सोनी की उपस्थिति में 65 युवाओं को अग्निवीर वायुसेना की चयन प्रक्रिया एवं करियर की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
21 नवंबर को महाविद्यालय के प्राचार्य श्री के.आर. मांडवी, वरिष्ठ प्राध्यापक श्री जे.आर. परतेती, एनसीसी अधिकारी श्री निरेश कुर्रे एवं सहायक प्राध्यापक श्री सोमेश देवांगन की उपस्थिति में मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय एवं आईटीआई के 129 आवेदकों ने सहभागिता की। वायुसेना अधिकारियों ने युवाओं को भर्ती के विभिन्न चरणों, उपलब्ध पदों, शैक्षणिक योग्यताओं और चयन के लिए आवश्यक शारीरिक एवं मानसिक क्षमताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएं रखीं और भर्ती से संबंधित सवालों के जवाब प्राप्त किए। युवाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए अधिकारियों द्वारा पुरस्कार वितरण भी किया गया।
वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि अग्निवीर वायुसेना भर्ती के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://iafrecruitment.edcil.co.in पर शीघ्र ही अधिसूचना जारी होने की संभावना है। इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती संबंधी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 0755-2661955 पर संपर्क कर सकते हैं। शिविर में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र राजनांदगांव से यंग प्रोफेशनल श्रीमती शुभि जग्गी, श्री संजय भागवत, श्री अनवर अहमद कुरैशी एवं श्री वासुदेव यादव उपस्थित रहे।











Leave a Reply