CG : सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण …

CG : सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण …

पॉक्सो एक्ट, बाल अधिकारों एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की दी गई जानकारी

उत्तर बस्तर कांकेर । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में संचालित अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत आज जिला पंचायत सभाकक्ष कांकेर में शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के 200 एवं उससे अधिक विद्यार्थियों वाले विद्यालयों से नामित शिक्षकों को पॉक्सो एक्ट, बाल अधिकारों, व्यक्तिगत एवं ऑनलाइन सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती रीना लारिया ने पॉक्सो एक्ट, 2012 के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के कानूनी अधिकारों तथा लैंगिक अपराधों से बच्चों के संरक्षण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यालयों में पॉक्सो बॉक्स (शिकायत पेटी) स्थापित करने तथा प्रत्येक सप्ताह विद्यालय की गठित समिति के समक्ष शिकायत पेटी खोलकर प्राप्त शिकायतों का अवलोकन करने के निर्देशों से शिक्षकों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसा सुरक्षित वातावरण बनाया जाए, जहां बच्चे बिना किसी भय या संकोच के अपनी शिकायतें एवं समस्याएं साझा कर सकें। साइबर सेल के अभिषेक साहू ने साइबर अपराधों से बचाव, इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर बुलिंग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने ओटीपी, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारियां किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने के उपाय बताए।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष द्वारा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) के संबंध में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का शुभारंभ 10 अक्टूबर 2026 को किया गया था। अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत एवं ऑनलाइन सुरक्षा, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, निःशुल्क विधिक सहायता तथा बाल संरक्षण सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शांति प्रभु जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग समीर पाण्डेय, जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती रीना लारिया, साइबर सेल से अभिषेक साहू, चाइल्ड लाइन समन्वयक अमित बघेल, बाल मनोविज्ञान विशेषज्ञ डॉ. योगेश प्रजापति, अभिषेक जैन एवं उनकी टीम, बाल कल्याण समिति के प्रतिनिधि, पॉक्सो अधिनियम के सामाजिक कार्यकर्ता एवं सहायक व्यक्ति तथा बाल संरक्षण समिति की अध्यक्ष श्रीमती बुलबु वैद्य सहित अन्य विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

See also  CG : ओडिशा से रायगढ़ तक गांजा सप्लाई का नेटवर्क, दो युवक गिरफ्तार…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *