बिलासपुर : ड्राइवर को धमकाकर डीजल लूटने वाले तीन युवक गिरफ्तार

 मस्तूरी क्षेत्र के पाराघाट टोल प्लाजा के पास स्कार्पियो सवार युवकों ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के ड्राइवर को धमकाकर 275 लीटर डीजल लूट लिए। इस मामले में एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस की टीम ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। युवक इससे पहले भी लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके थे।

आरोपित युवकों को न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल कराया गया है। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला अंतर्गत गादियामेर में रहने वाले राजेंद्र चौहान ड्राइवर हैं। शनिवार 18 नवंबर की रात वे अपने ट्रेलर में रायगढ़ से सरिया लेकर मध्य प्रदेश के भोपाल के लिए निकले। रविवार की सुबह पांच बजे के करीब वे पाराघाट टोल प्लाजा के पास पहुंचे थे। टोल प्लाजा के पहले वे ट्रेलर सड़क किनारे खड़े कर दिशा मैदान के लिए गए।

इस दौरान उनका हेल्पर गोवर्धन ट्रेलर के केबिन में सो रहा था। ड्राइवर अपनी सीट पर बैठा ही था कि पीछे से स्कार्पियो सवार चार युवक आए। एक युवक स्कार्पियो से उतरकर ट्रेलर के केबिन में चढ़ गया। उसने लोहे का राड दिखाते हुए ड्राइवर को धमकाया। साथ ही शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। उसकी हरकतों से ड्राइवर सहम गया। इस बीच स्कार्पियो से तीन और युवक उतरे।

उन्होंने ट्रेलर की डीजल टंकी के लाक को तोड़कर 275 लीटर डीजल अलग-अलग डिब्बों में निकाल लिया। डीजल से भरे डिब्बों को स्कार्पियो में रखकर युवक भाग निकले। ड्राइवर की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम जांच में जुट गई। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र अंतर्गत बुचीहरदी में रहने वाले संजीत कुमार अनंत(21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

See also  राजनांदगांव में अवैध मांस बिक्री पर कार्रवाई, जांच और धरपकड़ अभियान तेज

पहले तो वह गोलमोल जवाब दे रहा था। बाद में उसने अपने साथियों संजीव कुमार सांडे(27) निवासी बुचीहरदी और संजीव कुमार सांडे(27) निवासी बिरगहनी अमरपुर के साथ लूट की घटना को अंजाम देना बताया। उसने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने लूट की दो घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चोरी का 230 लीटर डीजल, घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो को जब्त कर लिया है। आरोपित युवकों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *