: जरूरतमंदों को रोजगार उपलब्ध कराने बनाई गई मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना की दो दुकानों में बजरंग दल और शिवसेना ने कब्जा कर रखा था। निगम अमला ने कार्रवाई करते हुए उक्त दुकानों को सील कर दिया। इसी तरह से गया नगर में भी दो दुकानों को निगम में अपने कब्जे में लिया है। इन दुकानों में लोग काकबिज थे।
नगर निगम द्वारा गौरव पथ मार्ग में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत दुकानों का निर्माण किया गया है। योजना के तहत निर्मित दुकानों का आवंटन निगम प्रशासन द्वारा किराए पर किया गया है। लेकिन यहां निर्मित दो दुकानों में बजरंग दल और शिवसेना के लोगों ने कब्जा कर रखा था। दुकान की शटर पर बकायदा कार्यालय लिखा हुआ था, जिसे निगम अमला ने पुतवा दिया।
इसी तरह गया नगर में दुकान क्रमांक छह और आठ को भी निगम प्रशासन ने सील कर दिया है। इसमें से एक दुकान खाली हैै। वहीं दूसरे दुकान का आवंटन निगम द्वारा किया गया है, लेकिन आवंटित ने बगैर प्रीमियम पटाए दुकान खोल लिया था। जिसकी जानकारी मिलने पर बाजार विभाग प्रभारी नारायण सिंह यादव के नेतृत्व में निगम अमला मौके पर पहुंचा और सील करने की कार्रवाई की।
कई गुमटियां अभी भी खाली
नगर निगम द्वारा नया पारा व गंजपारा क्षेत्र में गुमटियों का निर्माण कर रखा गया है। इनमें से करीब तीन दर्जन से अधिक गुमटियों का आवंटन अब तक नहीं किया गया है। निगम में आय के साधन बढ़ाने खाली पड़े दुकानों व गुमटियों को किराए पर देने जोर दिया जाता रहा है। निगम की पूर्व परिषद ने भी ऐसे खाली गुमटियों के आवंटन को लेकर ध्यान नहीं दिया। वर्तमान परिषद का कार्यकाल भी एक साल पूरा हो गया है, लेकिन खाली गुमटियों के आवंटन को लेकर योजना नहीं बनाई गई है। इनमें से कई गुमटियां सड़ चुकी है। निगम के बाजार विभाग प्रभारी ऋषभ जैन का कहना है कि इस मामले को संज्ञान में लेकर विभागीय अधिकारियों को आवंटन की दिशा में पहल करने कहा जाएगा।
