सर, किस तरह के प्रश्न 10वीं- 12वीं बोर्ड परीक्षा में आएंगे..? , कुछ महत्वपूर्ण सवाल बताएंगे क्या?… क्या असाइनमेंट में जो सवाल दिए गए हैं, वही सवाल बोर्ड की मुख्य परीक्षा, 2021 में भी पूछे जाएंगे?… मैं खेतीबाड़ी कर रहा हूं तो क्या असाइनमेंट में 30 नंबर पूरे के पूरे मिल सकते हैं? इस तरह कई आशंका वाले और रोचक सवाल हेलो नईदुनिया कार्यक्रम में मंगलवार को आए।
मुख्य अतिथि के रूप में नईदुनिया दफ्तर में पहुंचे माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) के सचिव प्रो.वीके गोयल ने बच्चों के सवालों के बड़ी ही बेबाकी से जवाब दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को लेकर आप घबराएं नहीं। प्रश्न कौन आएंगे, यह नहीं बताया जाता है, परीक्षा गोपनीय होती है।
‘पढ़ई तुंहर दुआर’ कार्यक्रम के तहत राज्य सरकार ने आनलाइन कक्षाओं का प्रबंध कर रखा है। यदि इसमें कोई नहीं पढ़ पा रहा है तो मोहल्ला पाठशाला में संबंधित शिक्षकों से अपना डाउट क्लीयर कर सकते हैं। किसी कारणवश यदि पिछली कक्षाओं से वंचित हो गए हैं तो यू-ट्यूब पर चेप्टरवार पुरानी कक्षाओं के वीडियो अपलोड किए गए हैं, जिन्हें देखकर आप अपना सिलेबस पूरा करें।
बच्चों में सबसे अधिक कंफ्यूजन हर विषय के लिए महीनेवार जारी हो रहे असाइनमेंट को लेकर रहा। इसमें प्रो. गोयल ने बताया कि थ्योरी के 70 अंकों का ही प्रश्न पत्र होगा और प्रोजेक्ट-प्रैक्टिकल के लिए निर्धारित 30 अंक यथावत रहेंगे। थ्योरी के ही अंकों में असाइनमेंट जमा करने पर 30 फीसद अंकों का वेटेज दिया जाएगा।
पेश हैं माशिमं के सचिव और बच्चों के बीच हुए सवाल-जवाब के कुछ खास अंश
सवालः सिलेबस में कटौती हुई है तो क्या उतने से ही सवाल आएंगे ? – कौशिक सोनी, 12वीं, रायपुर
जवाबः कोरोना संक्रमण के कारण अभी तक स्कूल नहीं खुल पाए हैं। इसके कारण मुख्य विषयों के पाठ्यक्रम में 30 से 40 प्रतिशत की कमी की है। पाठ्यक्रमों को सितंबर, 2020 से फरवरी, 2021 तक छह महीनों में विभाजित किया है। प्रत्येक माह विद्यार्थियों के लिए होम असाइनमेंट जारी किया जा रहा है।
सवालः असाइनमेंट के आधार पर किस तरह मूल्यांकन करने का प्रावधान किया गया है ? – रूपेश काटले, मुंगेली, बिलासपुर
जवाबः थ्योरी में प्रश्न पत्र 70 अंक और प्रोजेक्ट-प्रैक्टिकल के 30 अंक निर्धारित हैं। होम असाइनमेंट के प्राप्तांकों के आधार पर माशिमं की मुख्य परीक्षा 2020-21 में प्रत्येक विषय में 30 प्रतिशत अंक आंतरिक मूल्यांकन के रूप में वेटेज (अधिभार) दिए जाएंगे।
सवालः कौन से प्रश्न महत्वपूर्ण हैं, क्या होम असाइनमेंट के सवाल ही पूछे जाएंगे? – अंकित चौरसिया, 12वीं, सूरजपुर
जवाबः माशिमं के प्रश्न पत्र गोपनीय हैं। होम असाइनमेंट के ही मुख्य परीक्षा 2020-21 में सवाल आएंगे ऐसा कतई नहीं है, सवाल निर्धारित सिलेबस से कहीं से भी पूछे जा सकते हैं। जिन्होंने कम से कम 70 प्रतिशत होम असाइनमेंट जमा किए होंगे यानी प्रत्येक विषय में छह असाइनमेंट होंगे, जिसमें 70 प्रतिशत के मान से प्रत्येक विषय में चार असाइनमेंट विद्यार्थियों के द्वारा पूरा किया जाना आवश्यक होगा, अन्यथा उन्हें मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित कर दिया जाएगा।
सवालः माशिमं की ओर से जारी पिछले तीन महीने का असाइनमेंट जमा नहीं कर पाया हूं, क्या करूं ? – ऋ षि और अमन कुर्रे, 12वीं, बिलासपुर
जवाबः आपको अभी सितंबर का छोड़कर बाकी अक्टूबर और नवंबर का असाइनमेंट जमा करने के लिए पर्याप्त अवसर है। जल्द पूरा करके जमा कर सकते हैं।
सवालः बोर्ड परीक्षा के लिए फार्म भरने की आखिरी तिथि कब तक है? – मोहित, रायपुर
जवाबः माशिमं ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने के लिए एक हजार विलंब शुल्क के साथ फार्म भरने के लिए चौथी बार एक से पांच फरवरी तक अंतिम अवसर दिया है। इसके बाद पोर्टल नहीं खोला जाएगा।
सवालः कक्षा नौवीं और 11वीं की परीक्षा के लिए प्रश्न-पत्र कौन तैयार करेगा? – राहुल कुमार, रायपुर
जवाबः कक्षा नौवीं और 11वीं की परीक्षा स्थानीय स्तर पर होगी। प्रत्येक शाला स्तर पर प्रश्न पत्र तैयार होंगे और शाला स्तर पर ही मूल्यांकन करके परिणाम घोषित किए जाएंगे।
सवालः पहले बड़े सवाल आते थे और अथवा दिया रहता था। इस साल सिलेबस में किसी भी तरह का बदलाव किया गया है क्या ? – चंद्रकांता, मस्तूरी, बिलासपुर
जवाबः सिलेबस में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस बार केवल होम असाइनमेंट दिए गए हैं। इसे परीक्षार्थी हल करके स्कूल में जमा कर सकते हैं।
सवालः प्रैक्टिकल की परीक्षाएं कब से शुरू हो रही हैं, क्या स्कूल खुल जाएंगे ? – सरला तिवारी, अभिभावक, रायपुर
जवाबः कोरोना को देखते हुए प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए बच्चों को शिफ्ट के अनुसार एक दिन में तीन बैच के परीक्षार्थियों को बुलाया जाएगा। इस बार स्कूल स्तर पर ही प्रैक्टिकल परीक्षा होगी। इसमें बाह्य परीक्षक नहीं बुलाए जाएंगे। प्रैक्टिकल परीक्षाएं 10 फरवरी से 10 मार्च तक स्कूल स्तर पर ही आयोजित की जाएंगी।
सवालः ओपन स्कूल के लिए लड़की ने फार्म भरा है। क्या इस बार भी घर से परीक्षा देनी है ? – सदवी शर्मा, बिल्हा मोड़
जवाबः पिछले साल कोरोना के कारण ओपन स्कूल की परीक्षा पद्धति में बदलाव करना पड़ा था। अभी शारीरिक दूरी का पालन करके स्कूलों में परीक्षा ली जाएगी। हमने पूरक परीक्षा भी ली थी कोई दिक्कत नहीं हुई है।
सवालः अभी तक मेरे बच्चे का दाखिला एग्रीकल्चर संकाय से कक्षा 11वीं में नहीं हो पाया है क्या करें ? – गोकुल साहू, दलदल सिवनी, रायपुर
जवाबः दाखिले के लिए स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से गाइड लाइन जारी की गई थी, आपने देर कर दी है। माशिमं ने प्रवेश के लिए तारीख तय नहीं की थी।
सवालः घर में खेतीबाड़ी के लिए और घरेलू काम के लिए भी हाथ बंटाना पड़ता है तो क्या असाइनमेंट में 30 के नंबर पूरे मिल सकते हैं? – अतुल कुमार, रायपुर
जवाब- ऐसा नहीं है, घर के काम के आधार पर कोई मूल्यांकन नहीं होता है। आप पढ़ने के लिए समय निकालें।
सवालः स्कूल फीस नहीं ली गई है तो परीक्षा कैसे कराएं?- राघवेंद्र कुमार, बिलासपुर
जवाबः इसके लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल नहीं बता सकता। आप इस संबंध में डीपीआइ से संपर्क करें।
सवालः परीक्षा में असाइनमेंट के आधार पर प्रश्न पूछे जाएंगे क्या?-रूपेश पाठले, मुंगेली
जवाब-असाइनमेंट के आधार पर नहीं, बल्कि आपके सिलेबस के आधार पर प्रश्न पूछे जाएंगे। जितना सिलेबस आपको दिया गया है, उसी से प्रश्न पूछे जाएंगे।
सवालः किस प्रकार के प्रश्न परीक्षा में पूछे जाएंगे?- जयश्री सिंह, बिलासपुर
जवाबः आपको दिए गए सिलेबस से ही परीक्षा में प्रश्न आएंगे। आप अच्छे से तैयारी कीजिए।
सवालः सप्लीमेंट्री में फेल हो गया। असाइनमेंट जमा कर सकता हूं या नहीं?- योगेंद्र प्रसाद कोसले,मुंगेली
जवाब-अक्टूबर, नवंबर का असाइनमेंट जमा कर सकते हैं।
सवालः-त्रुटि सुधार का प्रोसेस क्या है? – नीलकमल साहू,अभनपुर
जवाबः इसके लिए आपको जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क करना होगा।
सवालः सिलेबस से जो हट गया है, क्या उससे प्रश्न पूछे जाएंगे? – पंकज पटेल, रायगढ़
जवाबः जो सिलेबस में दिया गया है,उससे ही प्रश्न पूछे जाएंगे।

