राजनांदगांव भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. रमन सिंह का चुनाव में विजयी होने के पश्चात प्रथम शहर आगमन पर क्षेत्र की जनता ने स्वागत किया। रोड-शो में उन्होंने आम जनता का अभिवादन स्वीकार किया। सोमनी के बाद शहर के लखोली से उनका रोड शो शुरू हुआ जो गुरुद्वारा चौक पर समाप्त हुआ। इस दौरान रोड-शो में सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।जब डॉ. रमन सिंह भाजपा कार्यालय पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। नारेबाजी के साथ आतिशबाजी की गई। इसके बाद डॉ.सिंह रैली के साथ परशुराम चौक पहुंचे। फिर मठपारा होते हुए लखोली नाका पहुंचने पर भीड़ ने उनका स्वागत किया। यही पर वे फूलों व भाजपा के झंडों से सजी खुली गाड़ी में सवार हुए। इस दौरान उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल, वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, कोमल सिंह राजपूत, भावेश बैद सहित कुछ नेता सवार हुए, फिर उनकी आभार रैली आगे बढ़ने लगी।गंज चौक में भी हुआ स्वागत जब डॉ. सिंह का कारवां गंज चौक पहुंचा तो वहां आम जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। गंज चौक में डॉ. रमन सिंह ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में अपनी विजय के लिए आम जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वाहनों एवं पैदल चल रहे थे, रैली के आगे-आगे युवा मोर्चा के कार्यकर्ता वाहनों में नारेबाजी करते हुए बढ़ रहे थे। इस दौरान शहर की जनता सहित भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह दिखा।राजनांदगांव| शहर जिला कांग्रेस व जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को जीई रोड स्थित सतनाम भवन में अविभाजित राजनांदगांव के कांग्रेस के विधायकों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें नवनिर्वाचित विधायकों का फूल मालाओं से कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। तत्पश्चात डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल व खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा को जिला कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू व शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा द्वारा शॉल श्रीफल, कांग्रेस का गमछा पहनाकर सम्मानित किया। जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि कांग्रेस संगठन के सभी कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ चुनाव लड़ी और जिले में अच्छा माहौल बनाया जिसकी बदौलत जिले में 5 विधायक हमारे हैं। अध्यक्ष ने उपस्थित कांग्रेसजनों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा की राजनांदगांव हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा है। जिले के 6 विस में से 5 में कांग्रेस ने अपना कब्जा जमाया है। जिसका श्रेय कार्यकर्ताओं को है।