पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए रची साजिश, घेरकर चाकू से किया जानलेवा हमला

रायपुर। पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए पांच आरोपितों ने दो लोगों को घेरकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। आरोपितों ने दोनों को घेरा और उसके बाद चाकू से हमला कर दिया। घटना में एक युवक के पेट में चाकू घोंपने के बाद सभी आरोपित फरार हो गए।

घटना की शिकायत मिलने के बाद छावनी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आपराधिक षडयंत्र और हत्या का प्रयास की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने पांच में से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बाकी के दो आरोपित अभी भी फरार हैं।

पुलिस ने बताया कि कैंप-1 नेहरू चौक, तीन कुंआ के पास रहने वाले शिकायतकर्ता आर्यन खान (18) का प्रगति नगर कैंप-1 निवासी आरोपित मोहसिन खान उर्फ राजा से पुराना विवाद था। सोमवार की रात को आरोपित, शिकायतकर्ता को उकसाने की नीयत से उससे विवाद कर रहा था, लेकिन शिकायतकर्ता ने कुछ नहीं किया।

वो रात करीब साढ़े आठ बजे अपने दोस्त विकास साहू के साथ आरोपित मोहसिन के घर गया और उसकी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद वो अपने दोस्त के साथ वापस घर लौट रहा था। रास्ते में प्रगति नगर के गोयल मेडिकल के पास आरोपित मोहसिन खान ने अपने भाई अरबाज खान, दोस्त आकाश पांडेय, ललन और अन्य के साथ मिलकर दोनों को घेरा।

आरोपित के भाई अरबाज खान ने चाकू निकालकर शिकायतकर्ता पर हमला किया, लेकिन वो नीचे झुक गया। उसके नीचे झुकते ही उसके दोस्त विकास साहू के पेट में चाकू लग गया। इसके बाद पांचों आरोपित वहां से भाग गए। शिकायतकर्ता ने रात में ही अपने दोस्त को अस्पताल में भर्ती कराया।

See also  CG : शास्त्री बाजार से चोरी हुई Honda Pleasure बरामद, वाहन चोर गिरफ्तार …

इसके बाद उसने छावनी थाना जाकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने पांच में से तीन आरोपित मोहसिन खान उर्फ राजा, अरबाज खान और आकाश पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ललन व एक अन्य आरोपित अभी भी फरार हैं। जिनकी पतासाजी की जा रही है।

‘घटना के बाद मुख्य आरोपित समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो फरार आरोपितों की पतासाजी की जा रही है। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *