घर से जान देने का कहकर निकली छात्रा, उज्जैन में रेलवे स्‍टेशन पर बैठी मिली

भोपाल । गांधीनगर इलाके में एक 18 वर्षीय बीए प्रथम वर्ष की छात्रा घरवालों से विवाद के बाद जान देने की बात कहकर घर से निकल गई। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन उसे सोमवार को पूरा दिन शहर में अलग-अलग स्थानों पर तलाश करते रहे, लेकिन वह नहीं मिली। थक-हारकर परिजनों ने गांधीनगर थाना पहुंचकर छात्रा के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस पर पुलिस की टीम तुरंत सक्रिय हुई और आठ घंटे के भीतर छात्रा को खोजकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

गांधीनगर थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी लगने के बाद पहले परिजनों ने छात्रा की सहेलियों के नंबर लेकर बातचीत की गई। छात्रा को तलाश करना एक चुनौती था। बड़े तालाब से लेकर मनुभावन टेकरी जैसे स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। भोपाल रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पता चला कि वह उज्जैन की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार होकर निकली है।

इसके बाद गांधीनगर पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना जीआरपी को दी। उज्‍जैन रेलवे स्‍टेशन पर भी संपर्क किया गया। उज्‍जैन जीआरपी ने जब छात्रा की तलाश की तो वह स्‍टेशन पर बैठी मिल गई। उज्जैन जीआरपी ने गांधीनगर पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद यहां से पुलिस की टीम उज्जैन पहुंची और छात्रा को सुरक्षित लाते हुए उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस त्‍वरित कार्रवाई के लिए पुलिस के आला अधिकारियों ने गांधीनगर थाने की टीम को शाबाशी दी है।

See also  शहडोल में सजेगा बास्केटबॉल का महाकुंभ, 10 टीमों के बीच महामुकाबला; 240 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *