छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस का असर: विधायक अब विधानसभा में आनलाइन जमा करेंगे सवाल

छत्तीसगढ़ विधानसभा में कोरोना संक्रमण को देखते हुए विधायकों के सवाल लगाने के सिस्टम में बदलाव किया गया है। वे अब आनलाइन सवाल लगा सकेंगे। इसके लिए शुक्रवार को विधायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ विधानसभा में सवाल पूछने और विभागों की ओर से जवाब आने की पूरी प्रक्रिया को अब आनलाइन किया जा रहा है।

विधानसभा के प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े ने बताया कि मार्च में प्रस्तावित बजट सत्र से यह बदली प्रक्रिया लागू कर दी जाएगी। बजट सत्र 2022-23 में छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नों की सूचनाएं आनलाइन ली जाएंगी। विधानसभा के आला अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए एक नया वेब एप्लीकेशन तैयार कराया गया है। उसके माध्यम से विधायक आसानी से आनलाइन प्रश्नों की सूचनाएं पेश कर सकेंगे।

शुक्रवार को आयोजित प्रशिक्षण सत्र में विधायकों के साथ उनके निजी सहायक भी उपस्थित रहेंगे। जो विधायक और उनके निजी सचिव रायपुर में उपस्थित नहीं रहेंगे, वे आनलाइन प्रशिक्षण में शामिल हो सकते हैं। प्रशिक्षण के बाद विधायकों से डमी सवाल लिया जाएगा। विधायक डमी सवालों की सूचना 29 जनवरी से एक फरवरी तक आनलाइन दे सकेंगे।

विभागों को पहले ही दिया गया प्रशिक्षण

विधानसभा ने विभागों को नए वेब एप्लिकेशन के जरिए जवाब देने का प्रशिक्षण दिया है। 20 जनवरी को प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया था। गुरुवार को विभागों को प्रश्नों की सूचनाएं आनलाइन भेजी गईं। अब विभागों से उनके उत्तर 31 जनवरी तक प्राप्त किए जाएंगे।

See also  संवेदनशील सुशासन की सशक्त मिसालः पक्षाघात से पीडि़त दिव्यांग महिला के घर पहुंची आधार सेवा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनकेंद्रित शासन व्यवस्था का दिखा मानवीय चेहरा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *