राजनांदगांव नगर निगम आयुक्त ने पेयजल सप्लाई को लेकर आ रही दिक्कत के बाद जल विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें वाटर सप्लाई संबंधी सभी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने कहा है। इसके अलावा अमृत मिशन के शेष कार्यो को भी समय पर पूरा करने की हिदायत दी है। आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने कहा कि गर्मी से पहले पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए। जिन हिस्सों में कम पानी आने की शिकायत है, वहां टीम पहुंचे और जांच का इसमें सुधार करें। इसके अलावा जिन हिस्सों में अमृत मिशन की नई पाइप लाइन से सप्लाई शुरू कर दी गई है, वहां नई पुरानी लाइन से हो रही सप्लाई को तत्काल बंद करें। पानी से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई किया जाए। आयुक्त गुप्ता ने अमृत मिशन के बचे काम जल्द पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नल कनेक्शन, इंटर कनेक्शन सहित पाइप लाइन बिछाने का काम जहां बचा हुआ है, उसे गर्मी से पहले ही पूरा कर लिया जाए। ताकि संबंधित हिस्सों में दिक्कत न हों। वहीं सभी हिस्सों में प्रेशर के साथ सुचारू पेयजल सप्लाई किया जाए।
