बिलासपुर जिले में खनिज विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं परिवहन विभाग के टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने माह फरवरी में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर कार्रवाई करते हुए कुल 98 मामले दर्ज किए। संयुक्त टीम एवं खनिज अमला ने अवैध खनिज परिवहन करते पाए जाने पर रेत के 53, चूनापत्थर के 12, मुरूम के 6 एवं कोयला के 2 प्रकरणों सहित कुल 73 प्रकरण दर्ज किए। इनमें से 52 प्रकरणों का निराकरण करते हुए अवैध परिवहनकर्ताओं से 11 लाख 98 हजार 3 सौ 22 रुपए जमा कराए गए हैं। शेष 21 प्रकरणों में अर्थदण्ड वसूली की कार्रवाई की जा रही है।

अवैध खनिज उत्खनन करते पाए जाने पर रेत के 14 एवं मुरूम के 05 प्रकरणों सहित कुल 19 प्रकरण दर्ज किए गए। इनसे अर्थदण्ड की 12 लाख 35 हजार 9 सौ 76 रुपए जमा कराए गए। इसी प्रकार अवैध खनिज भण्डारण करते पाए जाने पर रेत के 6 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। 3 प्रकरणों का निराकरण करते हुए अर्थदण्ड की 2 लाख 54 हजार 4 सौ रुपए जमा कराया गया है। शेष 3 प्रकरणों में अर्थदण्ड वसूली की कार्रवाई की जा रही है। फरवरी महीने में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के कुल 98 प्रकरण दर्ज किए गए हैं जिसमें से 74 प्रकरणों का निराकरण करते हुए अर्थदण्ड की 26 लाख 88 हजार 6 सौ 98 रुपए जमा कराए गए हैं।

इसके अलावा संयुक्त टीम ने पर्यावरण शर्तो का पालन नहीं करने पर पर्यावरण विभाग तथा भू-राजस्व जमा नहीं करने पर राजस्व विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए कुल 25 केशर, खदान संचालकों तथा 8 कोल डिपो संचालकों को नोटिस जारी किया है। कच्चे माल एवं उत्पाद जैसे कोल, गिट्टी एवं फ्लाईएश स्लैग आदि का परिवहन कर रहे बिना तारपोलिंग से ढके परिवहन करने वाले वाहनों पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। खनिज विभाग के उप संचालक ने बताया कि टास्क फोर्स की संयुक्त टीम सतत निरीक्षण कर खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है, जो आगे भी चलेगी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *