ग्वालियर
किसी का इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड तो किसी की राशन के लिए पात्रता पर्ची बन गई। इसी तरह किसी का भवन निर्माण संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल का पंजीयन कार्ड तो किसी जरूरतमंद के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन मौके पर ही मंजूर हो गई। इसके अलावा ग्रामीणों की शासन से संबंधित बहुत सी ऐसी समस्याएं भी मौके पर ही निपट गईं जिनका तकनीकी कारणों से निराकरण नहीं हो पा रहा था। यहाँ बात हो रही है जिले की जनपद पंचायत भितरवार के ग्राम सांखनी में आयोजित हुए जिला स्तरीय सुशासन शिविर की।

सुशासन शिविर में सांखनी सहित आसपास के दर्जन भर से अधिक गाँवों के लगभग 850 ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में कुल 410 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 122 आवेदन पत्रों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदन पत्रों के निराकरण के लिये एक सप्ताह की समय-सीमा निर्धारित की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  आशीष तिवारी, अपर कलेक्टर  एचबी शर्मा, अनुविभागीय दंडाधिकारी भितरवार  अश्विनी रावत व जनपद पंचायत भितरवार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने दिनभर इस शिविर में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिले में सुशासन शिविरों की श्रृंखला चल रही है। इसी कड़ी में सांखनी में चौथे जिला स्तरीय सुशासन शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन भी किया
विभिन्न तकनीकी कारणों से गेहूं उपार्जन के लिये जिन किसानों का आॅनलाइन पंजीयन नहीं हो पा रहा था। ऐसे लगभग एक दर्जन किसानों का पंजीयन शिविर स्थल पर ही किया गया। साथ ही किसानों को फिर से बताया गया कि पंजीयन के लिये कौन-कौन से दस्तावेजों की जरूरत होती है और उसकी प्रक्रिया क्या है।

निराकरण का आवेदनवार दिया गया ब्यौरा
सुशासन शिविर में अपनी समस्या के समाधान के लिये पहुंचे हरेक आवेदक को संबंधित विभाग के अधिकारियों ने निराकरण की स्थिति की जानकारी देकर संतुष्ट किया। साथ ही जो आवेदन निराकरण से शेष रहे उनके निराकरण की समय-सीमा भी बताई गई।

पेंशन स्वीकृति पत्र के साथ राशन पाकर अभीभूत हुए लाभार्थी
सुशासन शिविर में राशन की पात्रता पर्ची बनने की आस लेकर कुछ जरूरतमंद पहुँचे थे। ग्राम पवाया के श्री दूबरिया, श्रीमती रामवती व श्रीमती भारती को जब पात्रता पर्ची के स्वीकृति पत्र के साथ झ्र साथ जब खाद्यान्न भी सौंपा गया तो ये सभी खुशी से अभीभूत हो गए और कहने लगे कि सरकार द्वारा हम सब जैसे जरूरतमंदों को ध्यान में रखकर सुशासन शिविर लगवाए जा रहे हैं। इसी तरह भवन संनिर्माण एवं कर्मकार कल्याण मण्डल का कार्ड बन जाने से ग्राम सांखनी निवासी निर्माण श्रमिक हरप्रसाद खुशी से गदगद थे। उनका कहना था कि अब हमें अपनी बिटिया की शादी के लिये आर्थिक मदद के साथ-साथ सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।

 

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *