प्रधानमंत्री केयर फार चिल्ड्रन से बच्चों मिलेंगे 10-10 लाख रुपये

इंदौर
कोरोना संक्रमण के कारण अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों की मदद के लिए केंद्र सरकार ने योजना बनाई है। इस प्रधानमंत्री केयर फार चिल्ड्रन योजना में बच्चों को सरकार की ओर से 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे। अभी राज्य के ऐसे बच्चों को मुख्यमंत्री कोविड बाल सेवा योजना के तहत आर्थिक सहायता के साथ ही संरक्षण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री केयर फार चिल्ड्रन योजना में चयनित बच्चों के खाते में अगले सप्ताह तय राशि ट्रांसफर की जा सकती है। उसी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर के बच्चों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात भी कर सकते हैं जिनमें शहर के बच्चे भी शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री केयर फार चिल्ड्रन से देंगे 10 लाख रुपए
इस योजना के लिए इंदौर जिले के 29 बच्चों को चुना गया है। प्रशासन ने इन सभी बच्चों की पारिवारिक और व्यक्तिगत समस्याओं को हल करने और संरक्षण के लिए पालक अधिकारी नियुक्त किए हैं। सोमवार को इन बच्चों और उनके अभिभावकों को कलेक्टर कार्यालय बुलाकर कलेक्टर मनीष सिंह ने बात कर उनकी समस्याएं जानीं।

18 साल से कम उम्र के इन बच्चों के खाते में राशि डाली जाएगी- पीएम केयर फार चिल्ड्रन योजना में उन बच्चों को ही शामिल किया गया है, जिनके माता-पिता दोनों की मृत्यु कोरोना से हुई हो। माता-पिता में से किसी एक की मौत पहले ही होने और दूसरे पालक की मौत बाद में कोरोना से होने पर भी उनके बच्चे को भी योजना में शामिल किया है। योजना के तहत 18 साल से कम उम्र के इन बच्चों के खाते में राशि डाली जाएगी. खातों में उनकी उम्र के हिसाब से पैसा जमा किया जाएगा, जो 18 साल की आयु होने तक ब्याज सहित 10 लाख रुपये हो जाएंगे। इनके अलावा जिले के 53 बच्चों को मुख्यमंत्री कोविड बाल सेवा योजना में पांच-पांच हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इनमें 21 बच्चों को उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए बाल संरक्षण योजना में दो-दो हजार रुपये भी दिए जा रहे हैं।

See also  उज्जैन की बॉक्सर दिव्या नागर बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिये कर रही तैयार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *