पूर्व IAS की बहू ने दहेज प्रताड़ना और रेप की कोशिश करने के आरोप लगाए

सतना
1992 बैच के मध्यप्रदेश के एक रिटायर्ड IAS अधिकारी पर उनकी बहू ने दहेज प्रताड़ना और रेप की कोशिश करने के आरोप लगाए हैं। मामला पुलिस के पास पहुंचा है। फैमिली कोर्ट में सुनवाई भी चल रही है। IAS अधिकारी की पत्नी और बेटे पर भी बहू ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने, बंधक बनाकर मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत भोपाल में IG और DIG से की है। जानिए पीड़िता की आपबीती उसी की जुबानी…

24 नवंबर 2021 को रिटायर्ड IAS ने अपने बेटे की शादी मेरे साथ भोपाल के होटल सयाजी में कराई। पति शारीरिक रूप से अक्षम है। ये बात मुझसे छिपाई गई। शादी के दूसरे दिन ही पति ने लात मारकर कमरे से निकाल दिया। मैं रोने लगी। ससुर पास आए और बोले, मेरे साथ कमरे में चलो मैं सब ठीक कर दूंगा। ससुर ने मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। जब मना किया, तो मेरे साथ मारपीट की। चारित्रिक लांछन लगाना शुरू कर दिया। शिकायत जब पति से की तो उसने भी अपने पिता का ही साथ दिया।

शादी के दो दिन बाद ही मुझसे 7 लाख रुपए नगद और फॉर्च्युनर गाड़ी की मांग की गई। रोजाना मारपीट की जाने लगी। खाना भी नहीं देते थे। कभी मिलता भी था तो वो बासा या बचा हुआ होता था। मैंने अपने मायके में दहेज मांगने वाली बात बताई। भाई सतना से भोपाल मेरे ससुराल आया। शादी को 13 दिन ही हुए थे। मुझे भाई के साथ घर से निकाल दिया गया। मैं मायके आ गई। ससुराल वालों ने बात करना बंद कर दिया।

See also  मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में 82.70 लाख से अधिक किसानों को 3308 करोड़ रूपए अंतरित

सतना एसपी बोले- दोनों पक्षों के आरोपों की हो रही है जांच
एसपी सतना धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। दोनों पक्षों के अपने-अपने आरोप हैं। पीड़िता का आरोप दहेज प्रताड़ना, शारीरिक व मानसिक शोषण से संबंधित है। पीड़िता ने अपने पति को शारीरिक रूप से वैवाहिक जीवन के लिए अक्षम भी बताया है। मामले में मैहर में परिवार को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था, लेकिन वहां बात नहीं बन पाई। सतना के मानवी परिवार परामर्श केंद्र में भी काउंसिलिंग चल रही है। फैमिली कोर्ट का आदेश मंगवाया गया है,उसका अध्ययन करके आगे कार्रवाई की जाएगी।

एसपी के मुताबिक, ससुराल वालों का कहना है कि शादी में खर्च उन्होंने किया था, ऐसे में दहेज वो क्यों मांगेंगे। रिटायर्ड IAS का यह भी आरोप है कि जब उनका बेटा काउंसिलिंग के लिए मैहर आया तो पीड़िता के परिवार वालों ने गुंडे भेज दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *