गुना

 गुना में पुलिस और काले हिरण के शिकारियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है, जिसमें तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई. मृतकों में SI राजकुमार जाटव, आरक्षक नीरज भार्गव और आरक्षक संतराम शामिल हैं. बदमाश काले हिरण को मारकर ले जा रहे थे. घटना शुक्रवार देर रात की है. इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर सुबह 9.30 बजे बैठक .

गुना में हुई ये घटना सागा बरखेड़ा गांव की है. ये गांव आरोन पुलिस स्टेशन में आता है. पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ शिकारी हिरणों का शिकार करने गए हैं. इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस मौके पर गई थी. तभी शिकारियों के गैंग ने इन पर हमला कर दिया. इसी हमले में तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं.

 

घटनास्थल से बरामद तस्वीरें काफी भयावह है. यहां का दृश्य एनकाउंटर जैसा दिख रहा है. ऐसा लग रहा है कि पुलिस कर्मियों को नजदीक से गोली मारी गई है. घटनास्थल से हिरणों के 4 सिर, दो हिरणें जिनके सिर नहीं है और एक मोर पक्षी का शव बरामद हुआ है. जिले के वरिष्ठ पुलिसकर्मी घटनास्थल पहुंच गए हैं.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि गुना के पास अपराधियों की गोलीबारी में पुलिस के तीन जांबाज अफसर और कर्मचारी  शहीद हुए हैं. उन्होंने कहा कि अपराधियों को छोड़ा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं इसकी मानिटरिंग कर रहे हैं.

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाईलेवल इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है. ये बैठक मुख्यमंत्री निवास में सुबह 9.30 बजे होगी. बैठक में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव, डीजीपी, एडीजी समेत बड़े पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे.

गृहमंत्री बोले- ऐसी कार्रवाई करेंगे, जो नजीर बनेगी

नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हमारे परिवार के तीन जांबाज सदस्यों की मौत हो गई। अपराधी कोई भी हो, पुलिस से बचके जा नहीं सकते। कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी घटना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सख्त से सख्त कार्रवाई हमलावरों पर की जाएगी। ऐसी कार्रवाई करेंगे, जो नजीर बनेगी।

नेता प्रतिपक्ष बोले- गृहमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह बोले- गुना की घटना दुखद है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वह पुलिस को ही नहीं छोड़ रहे। गुना की घटना के बाद तो गृहमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *