ग्वालियर-चंबल के अग्निवीरों का भर्ती अगस्त में हाेगा आनलाइन पंजीयन

 ग्वालियर
 ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेश के 14 जिलों के उन युवाओं के लिए खुशखबरी है, जो सेना में अग्निवीर बनकर देशसेवा करने के लिए दिन-रात मैदान पर पसीना बहा रहे हैं। अब वह घड़ी नजदीक आ चुकी है, जिसका करीब दो साल से युवा इंतजार कर रहे थे। ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेश के उन 14 जिलों के युवाओं का पहला बैच सागर से भर्ती होगा, जो ग्वालियर के मुरार छावनी क्षेत्र स्थित सेना भर्ती कार्यालय के अंतर्गत आते हैं। सागर जिला प्रशासन ने ग्वालियर स्थित सेना भर्ती कार्यालय को भर्ती प्रक्रिया के लिए अनुमति जारी कर दी है। इसके बाद सेना भर्ती कार्यालय के अफसर अब भर्ती रैली की तैयारी में जुट गए हैं। अगस्त के पहले सप्ताह से भर्ती रैली के लिए आनलाइन पंजीयन शुरू हो जाएंगे और पहले से निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक अक्टूबर में भर्ती रैली आयोजित होगी।

ग्वालियर और चंबल अंचल के युवाओं में सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का जज्बा किसी से छिपा नहीं है। लेकिन यहां के युवक करीब दो साल से भर्ती रैली आयोजित न होने की वजह से परेशान थे। हाल ही में सेना भर्ती में अग्निपथ स्कीम लांच हुई, जिसके तहत सेना में चार साल के लिए अग्निवीरों की भर्ती की जाएगी। देश में पहला अग्निवीर बैच तैयार करने के लिए देशभर के सेना भर्ती कार्यालय ने तैयारी शुरू कर दी। ग्वालियर के मुरार छावनी बोर्ड में सेना भर्ती कार्यालय है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, टीकमगढ़, श्योपुर, निवाड़ी, पन्ना, दमोह, छतरपुर, सागर जिले आते हैं। इन सभी जिलों के युवकों की भर्ती ग्वालियर स्थित सेना भर्ती कार्यालय से ही होती है। ग्वालियर के सेना भर्ती कार्यालय को दिल्ली स्थित मुख्यालय से भर्ती रैली आयोजित कराने के लिए अनुमति मिल गई थी। भर्ती रैली आयोजित करने के लिए दो जिले चिन्हित किए थे, यहां जिला प्रशासन ने अनुमति मांगी गई थी। ग्वालियर और सागर जिला चिन्हित किया था। सागर जिला प्रशासन ने अनुमति जारी कर दी। इसके बाद अब सेना भर्ती कार्यालय के अफसर तैयारी में जुट गए हैं। सेना भर्ती कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगस्त के पहले सप्ताह में आनलाइन पंजीयन शुरू हो जाएगा। इसके बाद अक्टूबर में दस दिन भर्ती रैली आयोजित होगी। पहले अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में भर्ती रैली आयोजित होनी थी, लेकिन 5 अक्टूबर को दशहरा है, इसके चलते इसे मध्य अक्टूबर में संपन्न कराया जाएगा। दस दिन भर्ती रैली आयोजित होगी।

See also  Datia By-Election: मतदान से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 वरिष्ठ अधिकारियों को हटाया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *