भिलाईनगर । नगर निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय को सामान्य सभा ने पद से हटा दिया है। सदन में सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से संकल्प पास कर उन्हें पद से हटाने का संकल्प पास किया है। बावजूद इसके निगम आयुक्त पद पर बैठे हैं और काम कर रहे हैं। महापौर ने बताया कि ठेकेदारों का बिल पास कर रहे हैं, जो कि आर्थिक अनियमितता की श्रेणी में आएगा। नगर निगम भिलाई के महापौर नीरज पाल और उनके एमआईसी सदस्यों ने कलेक्टर से मुलाकात मुलाकात करके आयुक्त के बारे में बताया। साथ ही सामान्य सभा की कार्यवाही की पूरी विस्तार से जानकारी दी।
बताया कि 25 मार्च को निगम में सामान्य सभा की बैठक थी। जिसमें नगर निगम अधिनियम 1956 की धारा 54 (2) में उल्लेखित प्रावधानों के तहत आयुक्त राजीव कुमार पांडेय को आयुक्त के पद से तत्काल हटाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। इसके बाद अब उन्हे आयुक्त के पद पर बने रहने, बिल पास करे, सरकारी दस्तवेजों में हस्ताक्षर करने तक का अधिकार नहीं है। बावजूद वे लगातार ठेकेदारों का बिल पास कर रहे हैं, इसलिए गत दिनों एमआईसी की बैठक बुलाई गई थी। जहां आयुक्त को हटाने का जो संकल्प पास हुआ है उस प्रस्ताव को फिर से पास करके किया गया है।
इसकी जानकारी कलेक्टर से मिलकर महापौर नीरज पाल और उनके सभी एमआईसी सदस्यों ने दी। इस दौरान निगम सभापति गिरवर बंटी साहू भी उपस्थिति थे। महापौर ने कलेक्टर को बताया कि आयुक्त मनमानी कर रहे हैं। जो संकल्प सामान्य सभा ने पास किया, उसकी कॉपी शासन को भेजा जाना चाहिए था, लेकिन आयुक्त ने शासन को सूचना तक नहीं दी है। संकल्प की कॉपी दबा दी, जिसे शासन को भेजा ही नहीं गया। कलेक्टर से मांग की गई है कि शासन को मामले की सूचना दें, संकल्प की कापी शासन को भेजें। ज्ञापन सौंपने के दौरान एमआईसी सदस्य सीजू एंथोनी, एकांश बंछोर, केशव चौबे, चंद्रशेखर गवई, साकेत चंद्राकर, रीता सिंह गेरा, नेहा साहू लाल चंद वर्मा उपस्थित थे।






