दुर्ग। जिले के नेवई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बजरंगपारा स्टेशन मरोदा इलाके में एक महिला को अपने नाबालिग बेटे के साथ गांजा बेचते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 1.442 किलोग्राम गांजा और 800 रुपए नकद जब्त किए हैं। इस मामले में महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। दरअसल 28 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि बजरंगपारा स्टेशन मरोदा इलाके में एक महिला अपने बेटे के साथ गांजा बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत टीम बनाकर मौके पर दबिश दी। पुलिस ने गवाहों और स्टाफ के साथ इलाके की घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान महिला की पहचान फूलेश्वरी सोनवानी उर्फ जकड़ी (44) के रूप में हुई। वह अपने नाबालिग बेटे के साथ अवैध रूप से गांजा बेच रही थी। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया और उनके पास से गांजा और नकदी जब्त की। इस मामले में नेवई थाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत बाल संप्रेक्षण गृह पुलगांव में रखा गया है।








