Home » CG : हेलमेट को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं: एसपी

CG : हेलमेट को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं: एसपी

16/01/2024

राजनांदगांव जिला पुलिस ने ट्रैफिक जागरुकता माह की शुरुआत की है। सोमवार को ट्रैफिक थाने में इसकी औपचारिक शुरूआत हुई। जिसमें कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी मोहित गर्ग मौजूद रहें। अगले माह भर अब लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरुक करने विविध आयोजन किए जाएंगे।

जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 15 जनवरी से 14 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सोमवार को बाइक रैली का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर संजय अग्रवाल को बैठाकर पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने हेलमेट पहन कर बाइक चलाई। इनके साथ लगभग 100 से अधिक बाइकर्स द्वारा शहर का भ्रमण कर हेलमेट पहनकर जनसामान्य को हेलमेट पहनने का संदेश दिया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना तेज रफ्तार से वाहन चलाने और नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने से होती है। इसे विशेष ध्यान देने की जरूरत है। गाड़ी चलाते समय अपने और दूसरों के परिवार के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें।

विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन सड़क सुरक्षा माह में नुक्कड़ नाटक, पाम्पलेट, बैनर, फ्लैक्स, होर्डिंग एवं जिले के सभी स्कूलों और महाविद्यालयों में वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को ट्रैफिक नियमों के लिए जागरुक करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए पूरे महीनेभर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

प्रदर्शनी में दी गई ट्रैफिक नियमों की जानकारी कार्यक्रम में यातायात विभाग द्वारा यातायात सुरक्षा नियमों के संबंध में प्रदर्शनी लगाई गई।

कार्यक्रम में उपस्थित एनसीसी और एनएसएस सहित महाविद्यालय से आए बच्चों को वाहन चलाते समय किए जाने वाले सावधानियों और यातायात सिग्नल की जानकारी दी गई। जिससे यातायात नियमों और वाहन चलाते समय उपयोग किए जाने वाले सिग्नल के संबंध में अन्य जनसामान्य को देने कहा गया। कार्यक्रम में स्पीडोमीटर, ध्वनि मापक यंत्र, डीएसएलआर कैमरा, हेलमेट, रिफ्लेक्टिव जैकेट, व्हीकल इमोब्लाईजर सहित यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

Leave a comment