रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र के बेलदारशिवनी गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की निर्मम हत्या कर दी गई। यह मामला तब उजागर हुआ जब 27 जून की सुबह गांव के पास एक खेत में उसका शव बरामद हुआ। परिजनों ने बताया कि लड़की 26 जून की दोपहर करीब 1 बजे घर से लापता हो गई थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजन और ग्रामीणों ने मिलकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह खेत में उसका शव मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग की हत्या चाकू और पत्थर से वार कर के की गई है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। शव की हालत देखकर साफ है कि वारदात को बेहद बेरहमी से अंजाम दिया गया।

फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस गांव और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और वे जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस गंभीर मामले में तेजी से कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित की है, जो हर पहलू की जांच कर रही है। वहीं, किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *