कोंडागांव। जिले में सराफा व्यापारी से लगभग 40 लाख रुपए के जेवरात की लूट हो गई है। बताया जा रहा है कि वे साप्ताहिक बाजार से घर लौट रहे थे। सोने-चांदी से भरे आभूषण की पेटी को कार में रख रहे थे। इसी बीच वहां पहुंचे नकाबपोश लुटेरों ने उनसे पेटी लूट ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामला बयानार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सराफा व्यापारी राकेश जैन कोंडागांव के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि साप्ताहिक बाजारों में भी वे अपनी सोने-चांदी की दुकान लगाते हैं। एक दिन पहले बयानार के बाजार में भी दुकान लगाई थी। उनके पास सोने-चांदी के तरह-तरह के आभूषण थे। लुटेरों ने उनपर पहले से ही नजर बना रखी थी। जब शाम के वक्त व्यापारी ने अपने पूरे आभूषणों को एक पेटी में रखा, फिर जब गाड़ी में रखने आ रहे थे तो उसी बीच 3 से 4 लुटेरे मौके पर पहुंच गए। सभी नकाब पहने हुए थे। जिसके बाद उन्होंने सराफा व्यापारी राकेश जैन से आभूषणों की पेटी छीन ली। फिर मौके से भाग निकले। जिसके बाद व्यापारी ने अपने साथ हुई इस लूट की जानकारी पुलिस को दी। बयानार थाना प्रभारी रोशन कौशिक ने कहा कि, मामला हमारे संज्ञान में आया है। व्यापारी ने जानकारी दी है कि उनकी आभूषणों की पेटी की लूट हुई है। आभूषण कितने के थे ये जांच के बाद ही पता चलेगा। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *