ग्रामीणों ने ली जल संरक्षण की शपथ

जगदलपुर, विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार 22 मार्च को विकासखंड तोकापाल के ग्राम दुगनपाल में जल उत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तोकापाल जनपद अध्यक्ष रामबती भंडारी उपस्थित रहीं, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति में ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया।


       कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि रामबती भंडारी ने उपस्थित जनसमूह को जल के अपरिहार्य महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विस्तार से समझाया कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान ग्रामीणों को जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के फायदों के बारे में जागरूक किया गया, साथ ही सार्वजनिक स्थानों और व्यक्तिगत घरों में सोख्ता गड्ढा बनाने की तकनीक और उसके दूरगामी लाभों पर विस्तृत चर्चा की गई। पर्यावरण संतुलन और जल स्तर को बनाए रखने के उद्देश्य से स्थानीय प्रजाति के पौधे लगाने हेतु ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया गया, ताकि भविष्य में जल स्रोतों को संरक्षित रखा जा सके।


       जागरूकता के इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम में जल कर के नियमित भुगतान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। इस अवसर पर जल वाहिनियों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए मौके पर ही जल की गुणवत्ता की जांच कर ग्रामीणों को दिखाई, जिससे शुद्ध पेयजल के प्रति विश्वास और समझ बढ़ी। कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर जनपद अध्यक्ष रामबती भंडारी के कर-कमलों द्वारा ग्राम के सरपंच प्रेम कुमार भंडारी को ग्रामीणों के सम्मुख उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सहयोग हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पंचायत को जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन और पानी टंकी की संपूर्ण जानकारी से युक्त मानचित्र (नक्शा) भी सौंपा गया।


       इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में ग्राम सरपंच प्रेम कुमार भंडारी, स्थानीय पंचों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और कोटवार के साथ-साथ जिला समन्वयक प्रवीन कुमार वर्मा, अविनाश रनबाकला, नेहा साहू एवं ज्योत्सना सूना का योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित ग्रामीणों ने एक साथ जल संरक्षण की शपथ ली। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने न केवल इस अवसर पर सक्रिय सहभागिता निभाया, बल्कि जल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ भी उठाया।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *