दुर्ग। जिले में बीजेपी नेता विनायक ताम्रकर से जुड़े अफीम की अवैध खेती मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि खेती के लिए अफीम के बीज राजस्थान से मंगाए गए थे। छोटू राम नाम का व्यक्ति आरोपियों को बीज उपलब्ध कराता था। पुलिस ने उसे 12 मार्च को जोधपुर से गिरफ्तार किया है।

इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें बीजेपी नेता विनायक ताम्रकर निवासी तेमरापारा दुर्ग, विकास बिश्नोई निवासी मतोड़ा जिला जोधपुर राजस्थान, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर निवासी समोदा शामिल हैं। तीनों को 7 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। घटना के बाद कुछ आरोपी राजस्थान भाग गए थे। वहां मोबाइल फोन बंद कर छिपे हुए थे। जरूरत पड़ने पर ही मोबाइल चालू करते थे, इसी कारण चौथे आरोपी तक पहुंचने में पुलिस को समय लगा। मामले में एक आरोपी अब भी फरार है।

विनायक ताम्रकर, विकास बिश्नोई, मनीष ठाकुर की न्यायिक रिमांड आज खत्म हो रही है। ऐसे में आज शाम या कल पुलिस तीनों आरोपियों को दोबारा कोर्ट में पेश कर सकती है। बताया जा रहा है कि केस की कड़ियां जोड़ने के लिए विनायक ताम्रकर की पुलिस कस्टडी जरूरी मानी जा रही है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र की जेवरा-सिरसा चौकी के अंतर्गत ग्राम समोदा, झेनझरी, सिरसा के बीच स्थित खेतों का है। 6 मार्च को सरपंच से सूचना मिली थी कि खेतों में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में खेतों में मक्का-भुट्टा की फसल के बीच अफीम के पौधे लगे मिले। शक से बचने के लिए अफीम के पौधे मक्का की फसल के बीच लगाए गए थे। पुलिस ने करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में लगी अफीम की फसल जब्त की। जब्त फसल की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपए बताई गई।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *