धमतरी जिले में इस साल धान की बंपर खरीदी हुई है। 1 लाख 21 हजार किसानों से 61.07 लाख क्विंटल धान खरीदा गया। केंद्रों में धान खरीदी 4 फरवरी को बंद हो चुकी है, अब इसका उठाव किया जा रहा है। जिले के केवल 98 उसना राइस मिलर्स ही धान का उठाव कर रहे हैं, जबकि 222 अरवा राइस मिलर्स धान का उठाव ही नहीं कर रहे, इस वजह से केंद्रों में 12 लाख क्विंटल धान जाम पड़ा है।

इसका मुख्य कारण ये है कि बाजार में अरवा चावल की डिमांड कम हो गई है। उठाव नहीं होने से अब समिति प्रबंधकों को सूखत की चिंता भी सता रही है। हालांकि अफसरों का दावा है कि धान का उठाव 28 फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल सरकार से अरवा चावल उठाव को लेकर आदेश का इंतजार है।

धान के उठाव में धमतरी जिला पहले नंबर पर

धान का उठाव करने में धमतरी जिला 90.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि पहले नंबर पर मनेंद्रगढ़ और दूसरे नंबर पर राजनांदगांव जिला है। अरवा राइस मिलर्स 31 दिसंबर 2023 तक धान का उठाव किए हैं। इसके लिए डीओ जारी किया गया था। अब बाजार में अरवा चावल की डिमांड नहीं होने के कारण उठाव भी महीनेभर से बंद है, जिसके चलते समिति प्रबंधक भी चिंतित हैं।

खाद्य विभाग से अरवा राइस मिलर्स द्वारा धान का उठाव करने के लिए आदेश नहीं आया है। विभाग शासन से अलाटमेंट जारी होने का इंतजार कर रहा है। हालांकि विभाग 2-3 दिन के अंदर अलॉटमेंट जारी होने की बात कह रहा है, तब तक केंद्रों में धान जाम रहेगा। बीते 5 साल में सरकार ने धमतरी जिले से 234 लाख क्विंटल धान की खरीदी की है।

बीते साल के मुकाबले इस साल ज्यादा धान की खरीदी

जिले में बीते साल के मुकाबले इस साल सबसे ज्यादा धान की खरीदी हुई है। बीते साल खरीफ वर्ष 2022-23 में 45.30 लाख क्विंटल धान की खरीदी हुई थी। इस साल 2023-24 में 61.07 लाख क्विंटल धान जिले के 100 केंद्रों में खरीदी गई है, जो बीते साल से 15.77 लाख क्विंटल अब तक की सबसे ज्यादा खरीदी है।

उसना के लिए मिला 35 लाख क्विंटल का आवंटन

उसना चावल की डिमांड ज्यादा होने के कारण केंद्रों से सिर्फ उसना राइस मिलर्स ही धान का उठाव कर रहे हैं। जिले के 98 उसना राइस मिलर्स अब तेजी से धान का उठाव कर रहे हैं। इनमें से 47 उसना राइस मिलर्स धान का उठाव धीमी गति से कर रहे थे। इन्हें नोटिस जारी कर उठाव में तेजी लाने निर्देश दिए गए हैं। उसना राइस मिलर्स के लिए 35 लाख क्विंटल का आवंटन किया गया है।

28 फरवरी तक करना है धान उठाव

डीएमओ डीएमओ सुनील सिंह राजपूत ने बताया कि जिले में 61.07 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई है। 28 फरवरी तक धान का उठाव होना है। इसके लिए 54 लाख क्विंटल धान उठाव करने डीओ जारी किया गया है। 48.76 लाख क्विंटल धान का उठाव कर लिया गया है।

उसना राइस मिलर्स धान का उठाव कर रहे हैं। अरवा राइस मिलर्स के लिए शासन से अलॉटमेंट जारी नहीं हुआ है। एक-दो दिन में अलॉटमेंट जारी होने की संभावना है। रोजाना 80 से 90 हजार क्विंटल धान का उठाव हो रहा है। निर्धारित समय से पहले उठाव पूरा कर लिया जाएगा। अरवा धान का उठाव नहीं होने का मुख्य कारण बाजार में डिमांड कम होना है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *