cropped-cropped-cropped-11-final-kg-logo-Copy-1.png

अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 में किसानों द्वारा विक्रय किए गए धान के एवज में देय बोनस राशि का भुगतान किए जाने की प्रक्रिया निरंतर प्रगति पर है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, अम्बिकापुर के माध्यम से एनआईसी के द्वारा दिनांक 22 दिसंबर 2023 को किसानों के बचत खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2014-15 में कुल 15,624 किसानों को 2,745.55 लाख की राशि में से 2,470.18 लाख का भुगतान किया गया है, जबकि 275.37 लाख की राशि अभी भी लंबित है। इसी प्रकार वर्ष 2015-16 में 16,038 किसानों को 3,321.75 लाख देय थे, जिनमें से ₹3,083.30 लाख का भुगतान पूर्ण हो चुका है और 238.45 लाख की राशि का भुगतान शेष है।

भू स्वामित्व (फौती) संबंधी दस्तावेजों के अभाव, खाता बंद होने अथवा वारिसान निर्धारण लंबित होने के कारण कई किसानों का भुगतान अटका हुआ था। ऐसे प्रकरणों को जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया गया है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत वर्ष 2014-15 के 1340 किसानों को 220.57 लाख रुपए एवं वर्ष 2015-16 के 1290 किसानों को 175.33 लाख रुपए की राशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया है।

वर्तमान में शेष किसानों की सूची भी तैयार कर ली गई है। वर्ष 2014-15 के शेष 415 किसानों को 54.80 लाख एवं वर्ष 2015-16 के शेष 407 किसानों को 63.12 लाख की राशि का भुगतान किया जाना प्रस्तावित है।

कलेक्टर विलास भोसकर एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के प्राधिकृत अधिकारी द्वारा प्रत्येक समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि सभी पात्र किसानों को शीघ्रातिशीघ्र बोनस राशि का लाभ मिल सके।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *