कांकेर। पखांजूर में परिवहन विभाग कांकेर की टीम द्वारा एक सघन जांच अभियान चलाया गया, जिसके तहत विभिन्न प्रकार के वाहनों की व्यापक रूप से जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए।
जिला परिवहन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान मुख्य रूप से हेलमेट का उपयोग न करने, वाहन बीमा का अभाव, सीट बेल्ट न पहनने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे गंभीर मामलों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
इन मामलों में संबंधित चालकों को समझाइश दी गई तथा यातायात नियमों के तहत जुर्माना (चालान) भी किया गया। इस अभियान के अंतर्गत लगभग 150 दोपहिया वाहनों (मोटरसाइकिलों) और 30 चारपहिया वाहनों (कारों एवं पिकअप) के विरुद्ध कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।
