गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत विशेष रुप से चलाये गये तीन दिवसीय सहकर्मी समीक्षा, अध्ययन एवं ग्राम भ्रमण का प्रभावी आयोजन जिले के ग्राम पंचायत मडई, नेवरी नवापारा एवं कोडगार में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बीच मिशन के अनुभवों का आदान प्रदान, सामाजिक समावेशन, वित्तीय समावेशन, जेण्डर एवं आजीविका गतिविधियों का मूल्यांकन तथा भविष्य की संभावनाओं को सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान एक ब्लाक के अधिकारियों को दूसरे ब्लाक में भेजा गया।

विकासखंड स्तरीय अधिकारियों एवं समूह की महिलाओं द्वारा ग्राम में संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का स्थल भ्रमण कर गहन अवलोकन किया गया और महिलाओं से जानकारी प्राप्त किया गया कि वे मिशन की गतिविधियों का लाभ लेकर कैसे लखपति दीदी बने की ओर अग्रसर हो रही हैं। भ्रमण के दौरान टीम ने समूह की महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों-स्वरोजगार, कृषि व्यवसाय, मशरुम उत्पादन, किराना, टेन्ट, डेयरी, बकरीपालन, सूकर पालन आदि लघु उद्यमो का अवलोकन कर सराहना की गई। साथ ही उनके सफल संचालन के अनुभवों को साझा किया गया। 


       जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्हें आने वाले समय में आजीविका के नवीन एवं टिकाऊ अवसरों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि महिलाएं समूह से जुड़कर न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं बल्कि अपने परिवार एवं समाज के आर्थिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से समूह की महिलाओं को अधिकतम लाभ प्राप्त करने एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। कार्यक्रम में जिला मिशन प्रबंधक दुर्गाशंकर सोनी, विकास विस्तार अधिकारी दिनेश सिंह दाऊ, बीपीएम मंदाकिनी, सविता यादव, आईएफसी एंकर लोकेश कहरा, आकांक्षी ब्लॉक फेलो मनीष श्रीवास, कैडर पीआरपी एवं ग्राम संगठन की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *