राजनांदगांव । सावन में रिकॉर्डतोड़ बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। करीब 15 साल बाद सावन में मूसलाधार बारिश हो रही है। सावन की शुरूआत होते ही झड़ी का सिलसिला बरकरार है। शिवनाथ की स्थिति लगातार पानी के मामले में खतरनाक बन गई है। जिले की सहायक नदियों की बदौलत शिवनाथ की धार इन दिनों कम होने के बजाय बढ़ रही है। एक और वजह यह है कि मोंगरा जलाशय से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। शनिवार को 4 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाना जारी है। यही कारण है कि शिवनाथ की रफ्तार कम नहीं हो रही है। शिवनाथ नदी पखवाड़ेभर से उफान पर है। तेज बहाव के कारण नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इधर, जिले में मानसून ने झड़ी का शक्ल अख्तियार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मौसम विभाग ने आने वाले एक-दो दिन में और मूसलाधार बारिश होने का अनुमान जाहिर किया है। राजनांदगांव जिले के बड़े बांध-बैराज पूरी तरह से भर गए हैं। खातूटोला व सूखानाला बैराज से 500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। आषाढ़ के महीने में सभी बैराज सूखे के संकट से जूझ रहे थे। अब स्थिति बदल गई है।

झड़ी का नजारा देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस साल सावन में मानसून पूरी तरह से मेहरबान है। बैराजों से छोड़े जा रहे पानी के चलते शिवनाथ की गति काफी तेज है। जीवनदायिनी नदी होने के चलते शिवनाथ के पानी को लगातार छोड़ा जा रहा है। समूचे जिले में लगातार बारिश से अब स्थिति बेकाबू होने की दिशा में बढ़ रही है। यानी जल्द ही बारिश नहीं थमी तो फसलें भी चौपट होगी। अतिवृष्टि की आशंका से किसानों को सोचना पड़ रहा है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *