दुर्ग। जिले में शराब कारोबारी त्रिलोक सिंह ढिल्लन उर्फ पप्पू ढिल्लन के घर एसीबी के छापे में भारी मात्रा में शराब मिलने का मामला सामने आया है। सुपेला थाना पुलिस ने पप्पू ढिल्लन के बेटे जसजीत ढिल्लन के खिलाफ आबकारी एक्ट 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

सुपेला थाना पुलिस ने बताया कि गुरुवार को नेहरू नगर निवासी शराब कारोबारी त्रिलोक सिंह ढिल्लन के बंगले में एसीबी ने छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान त्रिलोक सिंह ढिल्लन उर्फ पप्पू ढिल्लन घर पर नहीं थे। जांच में एसीबी की टीम को बंगले से 28 लीटर विदेशी शराब मिली।

इसकी सूचना तत्काल सुपेला थाना पुलिस को दी गई। सुपेला पुलिस पप्पू ढिल्लन के बंगले में पहुंची और 28 लीटर विदेशी शराब को आबकारी अधिनियम 34(2) के तहत जब्त कर लिया। कारोबारी ढिल्लन के बेटे 28 वर्षीय जसजीत सिंह ढिल्लन के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि शराब मिलने की सूचना पर हमारी टीम कार्रवाई के लिए गई थी। 28 लीटर विदेशी शराब जब्त कर आरोपी जसजीत ढिल्लन को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उसे फिलहाल नोटिस देकर छोड़ दिया गया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *