रायपुर। विजयादशमी के अवसर पर हर साल की तरह इस साल भी रायपुर के WRS मैदान में दशहरा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रामलीला और आतिशबाजी के बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएम विष्णु देव साय ने रिमोट से बटन दबाकर छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े 101 फ़ीट के रावण के पुतले का दहन किया। इस भव्य आयोजन में शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।

सीएम विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “पिछले 53 वर्षों से यहाँ रावण वध का आयोजन किया जा रहा है। भगवान राम हमारे भांजा हैं और यह पर्व हमें सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज हम सभी संकल्प लें कि प्रदेश में जो भी बुराई है, उसे राम, लक्ष्मण और हनुमान की तरह दूर करेंगे। तभी विजयादशमी का पर्व विशेष होगा।” उन्होंने सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हुए कहा कि चाहे कितनी भी परेशानियां और कठिनाइयां आएं, अंत में विजय सत्य की ही होती है।

इस बार विजयादशमी विशेष

इस बार का विजयादशमी पर्व विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि 500 वर्षों के बाद भगवान रामलला अयोध्या के भव्य राम मंदिर में विराजमान हुए हैं। मुख्यमंत्री ने इस पावन पर्व की कामना करते हुए कहा कि यह सभी के जीवन से नकारात्मकता और कठिनाइयों का अंत कर सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *