रीवा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को रीवा में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना और स्वामित्व योजना के हितग्राहियों के खाते में 1783 करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे। इसके साथ ही आबादी भूमि पर बसे तीन लाख से अधिक किसानों को अधिकार पत्र स्वामित्व योजना के अंतर्गत दिए जाएंगे। साथ ही स्कूलों में मूंगदाल का वितरण भी शुरू किया जाएगा।

रीवा में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम चौहान शाम को शामिल होंगे। बताया गया कि मुख्यमंत्री चौहान बुधवार को रीवा में स्वामित्व योजना में 27 जिलों के 3.70 लाख लोगों को अधिकार अभिलेखों का वितरण करेंगे। अभी तक प्रदेश में कुल 2.71 लाख हितग्राहियों को अधिकार अभिलेखों का वितरण किया गया है। इसके पहले 6 अक्टूबर 2021 को हरदा जिले में हुए कार्यक्रम के जरिये इस योजना में 19 जिलों के 3 हजार गांव में 1.71 लाख हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख का वितरण किया गया था। इसी दौरान मुख्यमंत्री चौहान प्रदेश के 82.38 लाख किसानों को 1783.09 करोड़ रुपए का वितरण करेंगे। कार्यक्रम से सभी जिले वर्चुअली जुड़ेंगे।

हर साल 4 हजार का भुगतान
इस योजना में हर साल 2 समान किस्तों में 4 हजार का भुगतान प्रति किसान किया जाता है। योजना में अभी तक 76 लाख से अधिक किसानों के खातों में 4569 करोड़ की राशि का आॅनलाइन अंतरण किया जा चुका है।

मूंगदाल वितरण कर कार्यक्रम का शुभारंभ
रीवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम चौहान प्रधानमंत्री पोषण शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक व माध्यमिक शालाओं के छात्रों को मूंगदाल का वितरण कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। स्थानीय एसएएफ मैदान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रभारी मंत्री रीवा बिसाहूलाल सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद रहेंगे। 

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *