भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में ऐसा मानिटरिंग सिस्टम बनाना होगा कि भ्रष्टाचार की गुंजाइश ही न बचे। आने वाले दिनों में प्रदेश के जिलों में खेलो इंडिया यूथ गेम्स, प्रवासी भारतीय सम्मेलन, जी 20 देशों का सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 होना है। इसलिए देश दुनिया में मध्यप्रदेश की ब्रांडिंग के लिए अफसरों को खुलकर काम करना होगा।

अधिकारी जो नवाचार करें, उसे सोशल मीडिया पर वायरल करें और खबरों की सत्यता को लेकर भी सतर्करहें। विभाग प्रमुख ध्यान दें कि अगर खबर गलत है तो उसका खंडन हो और सत्य है तो उस पर एक्शन लिया जाए अन्यथा मैं विभागों के अफसरों पर एक्शन लूंगा। सीएम चौहान ने ये बातें दीपावली पर्व के मौके पर प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये किए गए संवाद और प्रदेश की जनता को दिए संदेश में कहीं। सीएम चौहान ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना है कि जनता को अपने कार्यों के लिए शासकीय दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, सरकार स्वयं उनके द्वार पर पहुंच कर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराए। राज्य शासन द्वारा भ्रष्टाचार को समाप्त करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हमें ऐसा मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करना होगा जिससे व्यवस्था में भ्रष्टाचार की गुंजाइश ही न बचे। दीपावली पर्व पर सभी मंत्री तथा अधिकारियों, कर्मचारियों की टीम मध्यप्रदेश जन-सामान्य को बिना परेशानी के शासकीय सेवाओं, योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का संकल्प लें।

हर जिले की समीक्षा भी होगी
उन्होंने कहा कि विकास के कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण हों। कलेक्टर योजनाओं की निरंतर समीक्षा की निश्चित व्यवस्था विकसित करें। प्रमुख कार्यक्रमों और योजनाओं की समीक्षा के लिए सप्ताह के दिन निर्धारित किए जाएं। जिला, संभाग और राज्य स्तर पर विस्तृत और सजग मॉनीटरिंग व्यवस्था स्थापित की जाए। दीपावली के बाद जिलों की समीक्षा की प्रकिया पुन: आरंभ की जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर में जनवरी 2023 में प्रवासी भारतीय सम्मेलन होगा, जिसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित 100 देशों के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। इन्वेस्टर्स समिट, खेलो इंडिया यूथ गेम्स और जी 20 देशों की बैठकें भी प्रदेश में होंगी। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इन आयोजनों का उपयोग वैश्विक स्तर पर प्रदेश की स्वच्छता, प्राकृतिक, ऐतिहासिक,सम्पन्नता के प्रसार और ब्रांडिंग में किया जाए।

योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो
मुख्यमंत्री चौहान ने सीएम राइज स्कूल, एक जिल- एक उत्पाद, रोजगार दिवस पर रोजगार मेला, सड़कों के रख-रखाव, कृषकों को उर्वरक वितरण, महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों, आंगड़वाड़ियों के संचालन, पोषण आहार वितरण, टीकाकरण, जल जीवन मिशन, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, जनता से बेहतर संवाद, प्राकृतिक खेती संबंधी गतिविधियों के प्रभावी संचालन के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि लोगों का जीवन बदलने में सक्षम योजनाओं के क्रियान्वयन का दायित्व जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों पर है। हम अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देकर अपना जीवन सार्थक करें। बैठक में सभी संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर्स, एसपी, जिला पंचायत के सीईओ तथा समस्त जिला अधिकारी वर्चुअली सम्मिलित हुए।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *