भोपाल

फिल्म 'आर्टिकल 370' फरवरी में 23 तारीख को रिलीज हुई थी। इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब तक 55 करोड़ से अधिक हो गया है। ऐसे में मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने एक बड़ा ऐलान किया है। राज्य में 'आर्टिकल 370' फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसकी जानकारी दी है। इसी के साथ सीएम मोहन ने टैक्स फ्री करने की वजह भी बताई है।

एमपी में क्यों Article 370 टैक्स फ्री?
सीएम मोहन ने अपने 'एक्स' हैंडल पर लिखा, 'प्रदेश के नागरिक 'आर्टिकल 370' की कड़वी हकीकत को जान सकें, इसके लिए हमने फिल्म 'Article 370' को मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जम्मू-कश्मीर से 'आर्टिकल 370' के कलंक को हटा कर जम्मू-कश्मीर में विकास की अपार संभावनाओं के द्वार खोले हैं। यह फिल्म जम्मू-कश्मीर की पहले और अब की परिस्थितियों को करीब से समझने का अवसर देती है।'

'आर्टिकल 370' फिल्म आदित्य सुहास जंभाले के निर्देशन में बनी है। अभिनेत्री यामी गौतम इस फिल्म में लीड रोल में हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किरदार में अरुण गोविल हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के किरदार में किरण कर्मरकर हैं। यह फिल्म कश्मीर में आर्टिकल 370 को हटाए जाने के आसपास की घटनाओं को दर्शाता है।  

यह भी जानिए:
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को कहा कि मध्य प्रदेश के गुना और शिवपुरी जिले में 45-45 करोड़ रुपए के निवेश से हवाई अड्डे बनाए जाएंगे। सिंधिया अपने गृह क्षेत्र गुना की लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हैं। यह निर्वाचन क्षेत्र शिवपुरी जिले के कुछ हिस्सों को कवर करता है। उन्होंने कहा, 'नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने गुना और शिवपुरी में 45-45 करोड़ रुपए के निवेश से हवाई अड्डे बनाने का निर्णय लेकर एक बड़ा उपहार दिया है।' मंत्री ने कहा कि यहां हवाई अड्डा बनने के बाद 19 सीट वाले विमान संचालित करने वाली विमानन कंपनी गुना से राज्य की राजधानी भोपाल के लिए सेवाएं प्रदान करेंगी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *