नीमच
नीमच में दरगाह के पास हनुमानजी की मूर्ति स्थापित करने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद पुरानी कचहरी इलाके में मौजूद दरगाह के पास हुआ। इसके बाद तनाव फैल गया। उपद्रवियों ने पत्थर फेंके। एक बाइक में आग भी लगा दी। पुलिस ने दुकानें बंद करा दीं। साथ ही उपद्रवियों को कंट्रोल करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। लाठियां भी भांजीं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने नीमच सिटी इलाके में धारा 144 लगा दी है। पथराव में नीमच सिटी टीआई घायल हो गए।

पुरानी कचहरी इलाके में करीब पांच हजार फीट जमीन पर दरगाह है। बताया जाता है कि ये जमीन सरकारी है। सोमवार शाम करीब 5 बजे इसी जमीन से लगी जमीन पर कुछ लोग हनुमानजी की मूर्ति स्थापित करना चाहते थे। इस पर दरगाह में मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई। दोनों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। रात करीब 8 बजे के बाद विवाद बढ़ गया। दोनों समुदाय के लोग इकट्‌ठा हो गए। इसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। उपद्रवियों ने एक बाइक को भी आग लगा दी।

मूर्ति स्थापित करने को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम बुलाया था। इसी बीच कुछ लोगों ने मौके पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। एसपी सूरज वर्मा ने बताया कि सूचना पर दल-बल के साथ पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां भी भांजीं। पुलिस ने दुकानें बंद करा दीं। सभी दुकानदाराें को घर भेज दिया। यहां अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात बने हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े

नीमच एसपी सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि जहां विवाद हुआ, वहां हिंदू मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग रहते हैं. विवाद के वक्त भीड़ हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए. इसके बाद पुलिस ने गलियों में पेट्रोलिंग की और लोगों से घरों में रहने के लिए कहा गया है. इतना ही नहीं लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने के लिए भी कहा गया है. उन्होंने बताया कि जो लोग अफवाह फैला रहे हैं, उनकी पहचान की जा रही है, उन पर कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, अभी तक विवाद को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है.

 

5 थानों का पुलिस बल मौजूद

एसपी ने बताया कि ऐहतियात के तौर पर क्षेत्र में 5 थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, रिजर्व पुलिस फोर्स भी लगाया गया है। वज्र वाहन भी तैनात किया गया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *