गुना

गुना पुलिस ने पुलिस हत्याकांड मामले में फरार चल रहे आरोपी छोटू पठान को मंगलवार सुबह हरिपुर के जंगल में ढेर कर दिया। देर रात पुलिस को रुठियाई इलाके में आरोपी की लोकेशन मिली थी, तभी से पुलिस पार्टी उसका पीछा कर रही थी।

यह तीसरा एनकाउंटर है। इससे पहले पुलिस ने शहजाद खान को बिदोरिया के जंगल में मार गिराया था। शुक्रवार तड़के 3 बजे पुलिस और शिकारियों में हुई मुठभेड़ में तीन पुलिसवालों की हत्या कर दी गई थी। इस मुठभेड़ में शहजाद खान का भाई नौशाद खान मारा गया था। बता दें कि पुलिस हत्याकांड में 9 को नामजद आरोपी बनाया गया है। अब तक 3 आरोपी नौशाद, शहजाद और छोटू पठान को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। 4 को गिरफ्तार किया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले- अपराधियों को तत्काल सरेंडर करना चाहिए। अभी दो और फरार हैं।

जंगल के रास्ते राजस्थान जाना चाहता था छोटू पठान
छोटू पठान जंगलों में चल रही लगातार सर्चिंग से दबाव में था। पुलिस पिछले 3 दिन से छोटू पठान की लाइव लोकेशन मुखबिरों के जरिए ट्रेस कर रही थी। सोमवार-मंगलवार की रात पुलिस छोटू पठान का मूवमेंट धरनावदा थाना क्षेत्र के भदौडी जंगलों में मिला था। यहां से राजस्थान के बारा जिले की सीमा करीब 20 किलोमीटर है। पुलिस अफसरों के मुताबिक छोटू, जंगल के रास्ते राजस्थान जाना चाहता था। इसी मकसद से वह बाइक से भदौड़ी पहुंचा था। जहां पुलिस मुठभेड़ में सड़क किनारे छोटू मारा गया। गुना एसपी राजीव मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है।

शहजाद-नौशाद के पिता-भाई पर भी FIR
गुना पुलिस हत्याकांड में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने नौशाद और शहजाद के पिता निसार खान और बड़े भाई सिराज खान पर FIR की है। इन्हें नौशाद का शव छिपाने और सरकारी राइफल फेंकने का आरोपी बताया गया है। घटना के दो दिन बाद गिरफ्तारी दिखाई गई, जबकि इन्हें उसी दिन सुबह पुलिस घर से उठा ले गई थी। राइफल बरामद होने की कहानी भी समझ से परे है। रविवार को दो कुओं में दिनभर पुलिस और SDERF की टीम ने सर्चिंग की थी। देर रात तक राइफल बरामद नहीं हो सकी थी। सोमवार को अचानक पुलिस ने इसी कुएं से राइफल बरामद होने की बात कही है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *