नरसिंहपुर
 जज्बे से भरा कार्य गोटेगांव के नेहरू वार्ड निवासी दुल्हन बनी पूजा पगारे ने किया। उसने गुरुवार की रात फेरे होने के बाद शुक्रवार को विदाई की तैयारियों के बीच कहा कि पहले वह पेपर देने के लिए महाविद्यालय जाएगी, उसके बाद ही ससुराल के लिए विदाई लेगी। दुल्हन की यह बात सुनकर स्वजन के साथ ही दूल्हा और ससुराल के पक्ष के लोग भी खुश हुए और उन्होंने रुकने के लिए रजामंदी दे दी।

गोटेगांव तहसील मुख्यालय के नेहरू वार्ड निवासी घनश्याम पगारे की बेटी का विवाह सागर जिले के महाराजपुर निवासी श्रवण पगारे के साथ गुरुवार की रात हुआ। परिणय के सात फेरों के साथ ही विवाह की अन्य सभी रस्में धूमधाम से हुईं। शुक्रवार को विदाई की रस्म होना थी, जिससे घनश्याम का परिवार और बाराती पक्ष के लोग भी विदाई की रस्म के लिए तैयारियों में लगे थे, लेकिन दुल्हन बनी बीए तृतीय वर्ष की छात्रा पूजा के लिए विदाई से जरूरी अपनी पढ़ाई लगी, जिससे उसने शुक्रवार को पिता और अन्य स्वजन से कहा कि वह पहले परीक्षा देने के लिए ठा. निरंजन सिंह महाविद्यालय जाएगी, उसके बाद ही विदाई की रस्म होगी। स्वजन और दूल्हा श्रवण सहित अन्य ने भी पूजा की इच्छा का सम्मान किया और उसे दुल्हन के जोड़े में ही सुबह 11 बजे महाविद्यालय भेजा। जहां आधार पाठ्यक्रम कम्प्यूटर का पर्चा देने के बाद दोपहर 2 बजे दूल्हा श्रवण खुद रिश्तेदारों के साथ महाविद्यालय पहुंचा और घर लाकर विदाई की रस्म शुरू कराई। पढ़ाई के प्रति पूजा के इस जज्जे को देखकर महाविद्यालय के प्राध्यापकों सहित अन्य परीक्षार्थियों ने भी सराहना की।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *