बीजेपी के मंत्री और विधायक

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन ने बुधवार को साय मंत्रिमंडल के मंत्रियों के कामकाज यानी परफार्मेंस को परखा। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने उनकी क्लास ली। विधायकों से भी पूछा। बताया जा रहा है कि कुछ मंत्रियों को इन नेताओं ने कामकाज में सुधार की हिदायत दी। यहां तक कहा कि कुछ के खिलाफ शिकायतें आती रही हैं, इसे संगठन ने गंभीरता से लिया है। इधर, विधायक दल की बैठक में भी वरिष्ठ नेताओं ने सख्ती दिखाई। विधायकों को कहा गया- हवा में न उड़ें, जमीन पर काम दिखना चाहिए।

बताया जा रहा है कि संगठन नेताओं ने मंत्रियों से दो चरण में बंद कमरे में चर्चा की। पहले चरण में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मंत्रियों से चर्चा की। दूसरे चरण में में शिवप्रकाश और नितिन नबीन ने उनसे बातचीत की, फीडबैक लिया। संगठन के वरिष्ठ नेता ने उन मंत्रियों को फटकार लगाई जो संगठन के निर्देशों की अवहेलना कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि मंत्रियों के कामकाज से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। कई मंत्रियों के कामकाज के तौर तरीकों पर संगठन ने नाराजगी जताई है। मंत्रियों को अपनी कार्यशैली और व्यवहार सुधार करने कहा गया। मंत्रियों को प्रशासनिक अधिकारियों पर नियंत्रण रखने के टिप्स दिए गए। गौरतलब है कि बैठक में बीजेपी के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय महामंत्री अजय जामवाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव समेत सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक मौजूद रहे।

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने भाजपा विधायकों से कहा, हवा में न उड़ें, काम पर ध्यान दें। अपना काम समझ कर सिद्धत के साथ पार्टी के लिए काम करें। मीडिया में अनर्गल बयानबाजी से बचें, संतुलित बोलें। विधायकों से कहा गया कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय बनाकर काम करें। पार्टी से संबंधित मामलों को सार्वजनिक रूप से न कहें। यह ध्यान रखा जाए की सरकार के काम काज को लेकर अपनी तरफ से कोई टिप्पणी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *