राजनांदगांव , शांतिकुंज हरिद्वार के पावन सान्निध्य में चल रहे 9 दिवसीय संजीवनी साधना शिविर में शामिल मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के गायत्री साधकों ने अपनी आध्यात्मिक ऊर्जा का परिचय दिया। शिविर के दौरान साधकों ने न केवल जप-तप किया, बल्कि तीर्थ क्षेत्र में जन जागृति रैली निकालकर स्वच्छता का संदेश भी दिया। 9 दिनों की कठिन साधना के बीच अंबागढ़ चौकी नगर व ग्रामीण अंचल से आए भाई-बहनों और माताओं ने गायत्री तीर्थ में सामूहिक श्रमदान किया।
रैली के दौरान साधकों ने स्वच्छ गंगा, निर्मल गंगा और व्यसन मुक्ति जैसे नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। जिले के साधकों की इस सक्रियता ने वहां मौजूद देश-भर के श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। जिले के गायत्री परिवार के सदस्यों की यह यात्रा केवल हरिद्वार तक सीमित नहीं है। साधकों का जत्था अपनी 9 दिवसीय संजीवनी साधना पूर्ण करने के बाद भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ा स्थली मथुरा के लिए रवाना होगा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और ब्रह्म ऋषि दुर्वासा की जन्मस्थली के दर्शन। गायत्री परिवार के संस्थापक युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मस्थली ग्राम आंवलखेड़ा में नमन का दर्शन करेंगे।










