राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमसीएच) में मेडिकल उपकरण के साथ ऑर्थो विभाग में हाथ, पैर से संबधित पार्ट्स की सप्लाई करने वाली फर्म ने पुराना बकाया होने के कारण सप्लाई रोक दी है। इस कारण ऑर्थो विभाग में भर्ती मरीजों का ऑपरेशन भी थम गया है।
नागपुर की फर्म जार इंटरप्राइजेस कमर के नीचे होने वाले ऑपरेशन में काम आने वाले मेडिकल उपकरण के साथ प्लेट, रोड, नट, बोल्ट एवं अन्य पार्ट्स की सप्लाई करती है। लेकिन इस फर्म का करीब साढ़े चार लाख रुपए का भुगतान नहीं किया गया है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ऑर्थो विभाग में कमला राजपूत को 18 दिन पहले कमर का ऑपरेशन कराने के लिए भर्ती किया गया था। लेकिन तब से आज तक उनका ऑपरेशन नहीं हो सका है।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के डॉक्टरों एवं ऑर्थो विभाग के डॉक्टरों से कई बार ऑपरेशन के विषय में जानकारी ली लेकिन गोलमोल जवाब मिला जबकि उन्हें डिस्चार्ज भी नहीं किया जा रहा है। ताकि वह दूसरे निजी अस्पताल में ऑपरेशन करा सके। इसी तरह का एक ऑपरेशन कराने मानपुर के दीपक कुमार 30 दिनों से भर्ती है।
इसी माह पुत्र की शादी भर्ती मरीज कमला राजपूत के पुत्र लक्की राजपूत ने कहा कि वह कई दिनों से एमसीएच के स्टोर रूम का चक्कर काटने मजबूर है। उन्होंने ऑर्थो विभाग के डॉक्टरों से संपर्क किया तो डॉक्टरों ने इस बड़े ऑपरेशन में काम आने वाली सामग्री की स्टोर रूम से डिमांड की है। लेकिन स्टोर रूम में मेडिकल उपकरण नहीं आने की जानकारी दे रहे हैं। लक्की ने बताया इसी माह की 23 एवं 24 फरवरी को लक्की की शादी है लेकिन वह शादी की तैयारी भी नहीं कर पा रहे हैं।
