राजनांदगांव , मोहारा फिल्टर प्लांट में 27 एमएलडी फिल्टर प्लांट के पंप में आई खराबी को 10 दिन बाद भी दूर नहीं किया जा सका है। बताया गया कि पंप तो बन गया लेकिन बेस नहीं सूखा है। इससे प्रभावित वार्डों में अभी भी या तो दूसरे टाइम पानी नहीं आ रहा या फिर कम मात्रा में सप्लाई की जा रही है। इसकी वजह से वार्डवासियों को पानी के लिए मारामारी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पार्षद भी परेशान नजर आ रहे हैं। ऐन होली के समय ही ऐसी स्थिति है। आने वाले कितने दिनों में इस पर काम पूरा हो पाएगा फिलहाल अफसर इसकी जानकारी नहीं दे रहे हैं।
नगर निगम द्वारा गर्मी के पूर्व मोहारा फिल्टर प्लांट संधारण करने के साथ-साथ निगम सीमाक्षेत्र के सभी पानी टंकियों की सफाई कार्य कराया गया। मोहारा फिल्टर प्लांट के 27 एमएलडी फिल्टर प्लांट में पंप सुधार कार्य किया जा रहा है। यह कार्य दस दिन पहले से ही चल रहा है। टंकी पूरी नहीं भरने की स्थिति में उक्त टंकियों से होने वाली सप्लाई क्षेत्र में पर्याप्त पानी सप्लाई नहीं हो पा रही है। कंचनबाग व लखोली टंकी पूरी नहीं भर पाने की स्थिति में कंचनबाग टंकी सप्लाई क्षेत्र कंचनबाग, शिवनाथ कालोनी, केशर नगर, जनता कालोनी, राजीव नगर, बैगापारा, अटल आवास, शांति विजय कालोनी, राहुल नगर लखोली क्षेत्र में लखोली सप्लाई क्षेत्र लखोली, संतोषी नगर, चक्कीपारा, दुर्गा चौक लखोली, संजय नगर, लखोली नाका एरिया, कन्हारपुरी, सनसिटी एरिया में पानी की सप्लाई अभी भी कम हो रही है।
बापूटोला में अभी भी पानी की समस्या: बापूटोला में अभी भी पानी की समस्या का सामना वार्डवासियों को करना पड़ रहा है। यह वार्ड अप लाइन में है। पानी ऊपर तक नहीं पहुंचता। जबकि इस वार्ड में अवैध कनेक्शन की भरमार है। पार्षद राजा तिवारी ने बताया कि मनमाने तरीके से कई क्षेत्र अवैध कनेक्शन यहां दे दिए गए हैं। कई बार ममता नगर की दिशा से पाइपलाइन में लीकेज की शिकायत होती है। बापूटोला में अब तक पेयजल की पर्याप्त मात्रा में सप्लाई के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। नवागांव की पानी टंकी से पानी लीकेज होता रहता है। इस पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
^मोटर पंप में सुधार कर लिया गया है, कांक्रीट के बेस को सूखने में कुछ समय लगेगा, इसके बाद मोटर पंप प्रॉपर काम करने लगेगा और टंकियां भी समय पर भरने लगेगी। वाल्व में भी सुधार कर लिया गया।
