जशपुरनगर । जिले में शासन की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा योजनाओं से वंचित हितग्राहियों को संतृप्त करने के उद्देश्य से जिले के समस्त विकास खंडों के क्लस्टर ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 6 से 27 फरवरी तक 32 ग्राम पंचायतों में लगेगी। जिला स्तरीय शिविर 11 फरवरी को ग्राम पंचायत बोखी में आयोजित की जाएगी। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, साथ ही पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, व्यक्तिगत शौचालय, मनरेगा, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग कार्ड, नामांतरण-बंटवारा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नल-जल जैसी सेवाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त कर निराकरण किया जाएगा।

   जिले में सुशासन शिविरों की शुरुआत 6 फरवरी 2026 से होगी। इस दिन चराईडांड, बड़ाबनाई, कोदोपारा एवं तिरसोठ ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। इसके पश्चात 9 फरवरी को खटंगा, इचोली, चंद्रपुर एवं जुरतेला ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। 13 फरवरी को बासुदेवपुर, फुलझर, पिलखी एवं पंगसुवा ग्राम पंचायत में सुशासन शिविर आयोजित होंगे। 
इसी क्रम में 16 फरवरी को लोरो, खुटगाँव, मुड़ापारा, नन्हेसर एवं पुत्रीचौरा ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर आयोजित किए जाएंगे। 20 फरवरी को भंडरी, भेलवां, करडीह एवं बटईकेला ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। 23 फरवरी को खरवाटोली, बम्हनमारा, गिद्धा एवं नकबार ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद 26 फरवरी को केराडीह, खारपानी एवं करदना ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 27 फरवरी को जोकारी, कोहपानी, एवं सागीभावना, सोनक्यारी ग्राम पंचायतों में सुशासन शिविर लगाए जाएंगे।

कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा विकासखण्ड स्तरीय शिविरों के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पत्थलगांव, फरसाबहार, जशपुर, बगीचा एवं कुनकुरी को नोडल अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिविरों में तहसीलदार, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन परिक्षेत्र अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ कृषि अधिकारी, उद्यान अधीक्षक, महिला-बाल विकास विभाग, खाद्य निरीक्षक, पशुपालन, रेशम विभाग, पंचायत अमला, आंगनबाड़ी, मितानिन, एनआरएलएम, कोटवार, पटवारी सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।

कलेक्टर व्यास ने निर्देशित किया है कि सभी नोडल अधिकारी शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक शिविर के उपरांत पालन प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुँचे और कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *