राजनांदगांव | साइंस कालेज में टैक्स बार 11 के तत्वावधान में सद्भावना क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ रविवार को किया गया। पहले दिन दो मैच खेले गए। पहला मैच रॉयल 11 और एमसीजी 11 बी के मध्य खेला गया। इसमें रॉयल 11 की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 142 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
जिसमें सोनू चुगवानी ने 21 गेंद पर 46 रन तथा आकाश सचदेवा ने 11 गेंदों पर 32 रनों का योगदान दिया। एमसीजी 11 की तरफ से दोनों सीनियर गेंदबाज अशोक रजक तथा वीरेंद्र मेश्राम ने 2-2 विकेट प्राप्त किए।
143 रनों का पीछा करने उतरी एमसीजी 11 की टीम 10 ओवरों में 54 रन ही बना पाई। नरेश आहूजा तथा नरेन्द्र गिडवानी की घातक गेंदबाजी रही। दोनों ने 3-3 विकेट प्राप्त किए। मैच रॉयल 11 ने 88 रनों से एकतरफा अपने नाम किया। नरेश आहूजा इस मैच के मैन ऑफ़ द मैच रहे। दूसरा मैच टैक्स बार 11- ए तथा एमसीजी 11 ए के मध्य खेला गया।
टैक्स बार टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में मात्र 79 रन बनाई। सबसे अधिक लखन ठाकुर ने 31 रनों का योगदान दिया। कम स्कोर का पीछा करने उतरी एमसीजी की टीम 9 विकेट खोकर मात्र 65 रन ही बना पाई। टैक्स बार के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की खोमेश साहू, भावेश वालदे, लोकेश साहू ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
