CG : विकसित भारत जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जल संरक्षण महाअभियान पर नवागढ़ में सरपंचों का प्रशिक्षण सम्पन्न …

CG : विकसित भारत जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जल संरक्षण महाअभियान पर नवागढ़ में सरपंचों का प्रशिक्षण सम्पन्न …

बेमेतरा । विकसित भारत जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जल संरक्षण महाअभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत नवागढ़ में विकासखंड के समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में योजना के प्रभावी संचालन, जनसहभागिता, गुणवत्तापूर्ण कार्यों के निर्माण एवं जल संरक्षण गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बेमेतरा श्रीमती प्रेमलता पद्माकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नवागढ़ नवीन कुमार ने की, जबकि प्रशिक्षण का संचालन एवं तकनीकी मार्गदर्शन कार्यक्रम अधिकारी संदीप वारे द्वारा किया गया।

अपने उद्बोधन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने कहा कि विकसित भारत जी राम जी के उद्देश्यों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रभावी एवं परिणाम मूलक तरीके से लागू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी सरपंचों से अपील की कि ग्रामीणों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का सफल क्रियान्वयन तभी संभव है, जब जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं पंचायत अमला मिलकर पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करें।

उन्होंने आगामी 25 जुलाई को प्रत्येक ग्राम पंचायत में जल संरक्षण महाअभियान आयोजित करने का आह्वान करते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाकर प्रत्येक घर में सोक पिट (Soak Pit) के निर्माण को प्राथमिकता दी जाए, जिससे वर्षा जल का संरक्षण, भू-जल स्तर में वृद्धि तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामों के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

See also  राजनांदगांव : सरपंच संघ ने अरुण साव को बताई खुज्जी की जर्जर सड़कें…

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नवागढ़ नवीन कुमार ने सभी सरपंचों से विकसित भारत जी राम जी के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देकर ग्राम स्तर पर स्थायी विकास की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं।

प्रशिक्षण के दौरान कार्यक्रम अधिकारी संदीप वारे ने विकसित भारत जी राम जी के विभिन्न प्रावधानों, कार्य चयन प्रक्रिया, ग्राम पंचायतों की भूमिका, जनसहभागिता, कार्यों की गुणवत्ता, ऑनलाइन प्रक्रियाओं एवं जल संरक्षण संबंधी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सोक पिट निर्माण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा अन्य जल संरक्षण उपायों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सरपंचों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने-अपने ग्रामों में विकसित भारत जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी 25 जुलाई को आयोजित होने वाले जल संरक्षण महाअभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे ग्राम विकास का महत्वपूर्ण अभियान बनाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *