राजनांदगांव , राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संयुक्त बैठक में सांसद संतोष पांडे और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की मौजूदगी में परियोजना के निर्माण को मंजूरी देने पर सहमति बनी। सांसद संतोष पांडे ने बताया कि परियोजना को वर्ष 2018 में स्वीकृति मिली थी, लेकिन विभिन्न कारणों और राजनीतिक बदलाव के चलते काम आगे नहीं बढ़ सका।
उन्होंने कहा कि परियोजना को गति देने के लिए उन्होंने लोकसभा में लगातार यह मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में इस परियोजना की अनुमानित लागत 4821 करोड़ रुपए थी। बाद में लागत का पुनरीक्षण कर 6947 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बिलासपुर रेलवे जोन की ओर से रेलवे बोर्ड को भेजा गया था। अब रेल मंत्रालय और राज्य सरकार की बैठक में इस संशोधित प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। सांसद के अनुसार, नई रेल लाइन बनने से खैरागढ़, छुईखदान, कवर्धा और पंडरिया क्षेत्र को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। साथ ही मुंबई-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का दबाव भी कम होगा।








Leave a Reply