CG : अधूरी सड़क पर ग्रामीणों ने की धान की रोपाई, निर्माण में लापरवाही के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन …

CG : अधूरी सड़क पर ग्रामीणों ने की धान की रोपाई, निर्माण में लापरवाही के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन …

कोरिया । जिले के ग्राम पंचायत कदमनारा में सड़क निर्माण की सुस्त रफ्तार और अधूरे कार्य से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कदमनारा से लवनापारा तक बन रही सड़क पर ग्रामीणों ने धान की रोपाई कर प्रशासन और निर्माण एजेंसी का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में अधूरी सड़क लोगों के लिए राहत की बजाय मुसीबत बन गई है।

जानकारी के अनुसार करीब पांच किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य लगभग दो महीने पहले शुरू हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने केवल 15 दिनों तक काम किया और उसके बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर चला गया। सड़क की खुदाई के बाद काम बंद होने से बारिश में पूरा मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 500 लोग आवाजाही करते हैं। कीचड़ और फिसलन के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को रोजाना इसी रास्ते से स्कूल जाना पड़ता है, जबकि कई बार फिसलकर गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। वहीं बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी गंभीर दिक्कतें आ रही हैं। एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों को खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर 12 जुलाई को कलेक्टर को लिखित शिकायत भी सौंपी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर अपना विरोध दर्ज कराया और जल्द से जल्द निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने की मांग की।

See also  Rajnandgaon : घर का ताला तोड़कर जेवर 25 हजार नकद की चोरी …

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *