CG : एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पहाड़ी कोरवा परिवारों को वितरित किए जा रहे पोषणयुक्त फलदार पौधे

अम्बिकापुर , वनमंडल सरगुजा द्वारा ’’एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों के बीच पोषण एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फलदार एवं पोषणयुक्त पौधों का वितरण किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पहाड़ी कोरवा परिवारों को पोषण सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) अभिषेक जोगावत के मार्गदर्शन में विकासखंड सीतापुर के वन परिक्षेत्र देवगढ़ अंतर्गत बीट देवगढ़ में पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वन समिति अध्यक्ष चन्दरसाय लकड़ा द्वारा ग्राम राजा आटा एवं पेरवाँ आरा पहुंचकर पहाड़ी कोरवा परिवारों को मुनगा, पपीता, सीताफल एवं आंवला जैसे पोषणयुक्त फलदार पौधों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं उनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि मुनगा, पपीता, सीताफल और आंवला जैसे पौधे विटामिन एवं पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, जिनका नियमित सेवन परिवारों के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार लाने में सहायक होगा। साथ ही इन पौधों के बड़े होने पर परिवारों को दीर्घकालीन पोषण एवं अतिरिक्त आय का भी लाभ प्राप्त हो सकेगा।

वन विभाग द्वारा संचालित यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों के जीवन स्तर में सुधार, पोषण सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विभाग द्वारा पौधों के संरक्षण एवं उनके सफल विकास के लिए भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

वनमंडलाधिकारी अभिषेक जोगावत ने बताया कि  ’’एक पेड़ मां के नाम’’  अभियान के अंतर्गत जिले की सभी पहाड़ी कोरवा बस्तियों को चरणबद्ध रूप से किया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रत्येक पहाड़ी कोरवा परिवार तक पोषणयुक्त फलदार पौधे पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में भी सकारात्मक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।  

See also  CG BJP अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल, दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *